भटचौरा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित

0
IMG-20260523-WA1534

    रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

18 पंचायतों से पहुंचे ग्रामीण, 1580 आवेदन प्राप्त, योजनाओं की दी गई जानकारी

मस्तुरी। जनपद पंचायत मस्तुरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भटचौरा में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास की 18 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं पंच शामिल हुए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं तथा विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, मस्तुरी एसडीएम शिवकुमार कंवर, तहसीलदार नीलम पिस्दा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

NTPC World Environment Day

शिविर में ग्राम पंचायत भटचौरा की सरपंच चन्द्रकली सुरेश पटेल, जनपद पंचायत सहकारिता सभापति सरिता नरेन्द्र नायक, जनपद सदस्य श्रीमती मेनका सुमित जगत, आमगांव आमाकोनी की सरपंच श्रीमती हीरादेवी खेमराज पटेल सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी

शिविर में कृषि, वन, मत्स्य पालन, जल संसाधन, उद्यानिकी, शिक्षा, कोसा एवं रेशम, पशु चिकित्सा, स्वास्थ्य, विद्युत, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, अंत्यावसायी विकास निगम तथा बैंक सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

इस दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi के मृदा परीक्षण संबंधी संदेश का प्रसारण भी किया गया, जिसमें किसानों को मिट्टी परीक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

शराब भट्ठी हटाने और सड़क निर्माण की उठी मांग

शिविर के दौरान ग्राम पंचायत भटचौरा की महिलाओं ने मुख्य मार्ग पर संचालित शराब भट्ठी को हटाने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। महिलाओं ने कहा कि शराब दुकान के कारण सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं ग्राम पंचायत बिनैका से ठाकुरदिया एवं खपरी तक सड़क निर्माण की मांग भी ग्रामीणों द्वारा उठाई गई। इसके अलावा ग्राम पंचायत आमगांव आमाकोनी की सरपंच श्रीमती हीरादेवी खेमराज पटेल ने महतारी सदन निर्माण हेतु कलेक्टर को आवेदन सौंपा।

हितग्राहियों को मिला लाभ

शिविर में कुल 1580 आवेदन प्राप्त होने की जानकारी अधिकारियों द्वारा दी गई। कार्यक्रम के दौरान 42 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र तथा 12 लोगों को राशन कार्ड वितरित किए गए।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, किसान, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न पंचायतों के सरपंच-पंच उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!