बिलासपुर मंडल में प्रभावी रूप से जारी है “नाका टिकट चेकिंग अभियान” ।
मंडल के चांपा एवं शहडोल स्टेशन में कुल 21 ट्रेनों की जाँच, 487 मामलों में 3.10 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया ।
बिलासपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा वैध टिकट लेकर यात्रा करने की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिनांक 21 मई से 14 जून 2026 तक विशेष “नाका टिकट चेकिंग अभियान” चलाया जा रहा है। यह अभियान बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ-साथ रेलवे राजस्व में वृद्धि एवं अधिकृत टिकटधारी यात्रियों को बेहतर यात्रा वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 23 मई 2026 को चांपा स्टेशन एवं 24 मई 2026 को शहडोल स्टेशन में नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इस विशेष अभियान के दौरान स्टेशन से आने-जाने वाली कुल 21 ट्रेनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान कुल 487 मामले दर्ज करते हुए कुल ₹3,10,395 का जुर्माना वसूला गया। जिसमें बिना टिकट यात्रा के 381 मामलों से 2 लाख 57हजार 625 रुपये, अनियमित टिकट के 99 मामलों से 52 हजार 70 रुपये एवं बिना बुक किए गए लगेज के 07 मामलों से 700 रुपये जुर्माने की वसूली किया गया । रेल प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष अभियान बेटिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफल साबित हो रहा है। इससे न केवल रेलवे के राजस्व में वृद्धि हो रही है, बल्कि वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक यात्रा वातावरण भी उपलब्ध हो रहा है। इसके साथ ही यात्रियों को स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने, गंदगी न फैलाने, उचित टिकट लेकर यात्रा करने तथा रेलवे नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
