एनटीपीसी सीपत के ऐश डाइक क्षेत्र में संविदा श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
ओवरफ्लो लगून एरिया में अचेत अवस्था में मिला कर्मी, पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा मृत्यु का कारण
बिलासपुर/सीपत । एनटीपीसी सीपत के ऐश डाइक-1 एवं ऐश डाइक-2 के मध्य स्थित ओवरफ्लो लगून क्षेत्र में सोमवार सुबह एक संविदा श्रमिक अचेत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद सीआईएसएफ जवानों ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद एम्बुलेंस एवं पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 1 जून 2026 की सुबह लगभग 8:45 बजे सीआईएसएफ द्वारा नियमित निगरानी के दौरान ओवरफ्लो लगून क्षेत्र में एक कर्मी अचेत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए एम्बुलेंस को बुलाया गया तथा स्थानीय पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई।
मृतक की पहचान नूर मुहम्मद, पिता सेनौल एस.के., निवासी मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में की गई है। बताया गया है कि वे वर्तमान में एनटीपीसी सीपत के ऐश डाइक क्षेत्र में कार्यरत ठेका एजेंसी आईएमएस शिपमेंट (IMS Shipment) के अंतर्गत संविदा श्रमिक के रूप में कार्य कर रहे थे।
घटना के बाद पुलिस की उपस्थिति में आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर मृत्यु के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस द्वारा मौके का निरीक्षण करने के साथ आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई की जा रही है।
एनटीपीसी प्रबंधन की ओर से बताया गया है कि पुलिस जांच एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और सभी की निगाहें पुलिस जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे इस मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

