भारतीय राजनीति में अनोखी मिसाल: डिप्टी सीएम अरुण साव बने विधायक दूल्हे की बैलगाड़ी के सारथी

0
IMG-20260531-WA1311

सामूहिक विवाह सम्मेलन में विधायक दीपेश साहू ने रचाई शादी, बैलगाड़ी में निकली बारात की कमान संभालने रायपुर से पहुंचे उपमुख्यमंत्री

बेमेतरा/रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अनोखा और यादगार दृश्य उस समय देखने को मिला, जब प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव स्वयं दूल्हे की बारात में बैलगाड़ी के सारथी बनकर शामिल हुए। खास बात यह रही कि दूल्हे कोई आम व्यक्ति नहीं, बल्कि बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक दीपेश साहू थे।



बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के सामूहिक विवाह सम्मेलन में विधायक दीपेश साहू ने भी विवाह संस्कार संपन्न कराने का निर्णय लिया। विधायक के इस निर्णय ने समारोह को विशेष बना दिया और देखते ही देखते यह आयोजन पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया।



सादगी और सामाजिक संदेश का दिया उदाहरण

सामूहिक विवाह सम्मेलन में विधायक दीपेश साहू ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया। इस दौरान उनकी बारात बैलगाड़ी में निकाली गई, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। आधुनिक दौर में जनप्रतिनिधि द्वारा सादगीपूर्ण विवाह और सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर शादी करना एक बड़ा सामाजिक संदेश माना जा रहा है।



सारथी बने उपमुख्यमंत्री अरुण साव

इस आयोजन की सबसे खास तस्वीर तब सामने आई, जब छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव राजधानी रायपुर से विशेष रूप से बेमेतरा पहुंचे और स्वयं बैलगाड़ी की कमान संभालते हुए विधायक दीपेश साहू की बारात के सारथी बने। उपमुख्यमंत्री को बैलगाड़ी हांकते देख उपस्थित लोग उत्साहित हो उठे और इस दृश्य को अपने कैमरों में कैद करने लगे।



राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने इसे भारतीय राजनीति में विरल और अनूठा उदाहरण बताया, जहां एक उप मुख्यमंत्री अपने ही दल के विधायक की बारात में सारथी बनकर शामिल हुए।



सामूहिक विवाह योजना को मिला नया संदेश

समारोह में बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़ों, परिजनों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति रही। विधायक दीपेश साहू द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन में विवाह करने के निर्णय को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को बढ़ावा देने वाला कदम माना जा रहा है।



कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा ऐसे आयोजनों में सहभागिता से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और सादगीपूर्ण विवाह को प्रोत्साहन मिलता है।



पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी बारात

बैलगाड़ी में निकली विधायक दीपेश साहू की बारात और उसके सारथी बने उपमुख्यमंत्री अरुण साव की तस्वीरें एवं वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। राजनीतिक गलियारों से लेकर आमजन के बीच यह आयोजन चर्चा का केंद्र बना हुआ है।



सादगी, परंपरा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि सार्वजनिक जीवन में पद की ऊंचाई से अधिक महत्वपूर्ण समाज के प्रति संवेदनशीलता और जनसरोकार होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!