‘सुशासन तिहार’ की सफलता मोदी की गारंटी और प्रदेश सरकार के सुशासन पर जनता की मुहर : भाजपा
प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा : भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के अंधकार को मिटाकर छत्तीसगढ़ में स्थापित हुआ पारदर्शी सुशासन
रायपुर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने प्रदेशभर में आयोजित हो रहे ‘सुशासन तिहार’ की अभूतपूर्व सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त कर कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आयोजित इस ‘सुशासन तिहार’ को प्रदेश की जनता का जो स्नेह और समर्थन मिला है, उसने यह साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की जनता वर्तमान भाजपा सरकार की नीतियों और पारदर्शी कार्यप्रणाली से पूरी तरह सन्तुष्ट है। श्री ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ वर्षों में कुशासन और जनता के हकों की जो लूट मची थी, उसे पूरी तरह समाप्त कर हमारी सरकार ने मात्र कुछ ही महीनों में राज्य को विकास और विश्वास की पटरी पर लौटाया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री ठाकुर ने कहा कि ‘सुशासन तिहार’ केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारे उस संकल्प का उत्सव है जिसमें अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को उसका अधिकार बिना किसी रिश्वत या सिफारिश के मिल रहा है। यह उत्सव ‘मोदी की गारंटी’ को धरातल पर शत-प्रतिशत उतारने का जीवन्त प्रमाण है। ‘सुशासन तिहार’ के माध्यम से जनता और प्रशासन के बीच की दूरी खत्म हुई है। सीधे संवाद से लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है। महतारी वन्दन योजना, कृषक उन्नति योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शिता के साथ हितग्राहियों के खातों में पहुँच रहा है। श्री ठाकुर ने कहा कि पारदर्शी और डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देकर बिचौलियों की संस्कृति को हमेशा के लिए दफन कर दिया गया है। श्री ठाकुर ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कुशासन से त्रस्त जनता आज भाजपा सरकार के सुशासन में सुरक्षित और समृद्ध महसूस कर रही है। ‘सुशासन तिहार’ में युवाओं, महिलाओं, किसानों और आदिवासी समाज की भारी और सकारात्मक उपस्थिति इस बात का प्रतीक है कि छत्तीसगढ़ अब विकास की एक नई ऊँचाई छूने के लिए तैयार है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

