मल्हार पुलिस की त्वरित कार्रवाई: नाबालिग से छेड़खानी करने वाला मकान मालिक 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
पीड़िता को पुणे भगाने की फिराक में था आरोपी; पहले भी जेल जा चुका है मनचला
मस्तूरी/मल्हार। थाना मस्तूरी अंतर्गत चौकी मल्हार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग बच्ची से छेड़खानी करने वाले आदतन आरोपी मकान मालिक को महज 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी मकान मालिक मजदूरी करने आए परिवार की नाबालिग बच्ची पर बुरी नजर रखता था और उसे बहला-फुसलाकर छत्तीसगढ़ से बाहर भगाने की फिराक में था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी छेड़छाड़ के मामले में जेल जा चुका है और उसकी आदत में कोई सुधार नहीं आया था।
मजदूरी करने आए परिवार की मासूम पर डाली बुरी नजर
बिलासपुर। मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 05 जून 2026 को पीड़िता ने चौकी मल्हार में एक लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता अक्सर अपने माता-पिता के साथ रोजी-मजदूरी के काम पर जाया करती थी। इसी दौरान निर्माण कार्य करा रहे मकान मालिक रंजीत कुमार टंडन की नजर नाबालिग बच्ची पर पड़ी।

दिनांक 15 मई 2026 को आरोपी ने सूनेपन का फायदा उठाकर नाबालिग बच्ची का हाथ-बांह पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकत (किस) कर दी। यही नहीं, आरोपी लगातार नाबालिग बच्ची पर अपने साथ पुणे (महाराष्ट्र) घूमने जाने के लिए दबाव बना रहा था और जिद पर अड़ा हुआ था।
पुणे भागने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने दबोचा
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल पॉक्सो एक्ट व अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया। मामले की गंभीरता और आरोपी के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए मल्हार पुलिस ने फौरन जाल बिछाया।
पुलिस ने आरोपी को तलब कर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी रंजीत कुमार टंडन लड़की को बहला-फुसलाकर पुणे भगाने की पूरी तैयारी में था, लेकिन इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता, पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
- नाम: रंजीत कुमार टंडन
- पिता का नाम: राधेश्याम टंडन
- उम्र: 26 वर्ष
- निवासी: ग्राम बिनेका, थाना मस्तूरी
कार्रवाई में शामिल जांबाज टीम:
इस त्वरित और सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी व उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज, और आरक्षक श्यामलाल सोनवानी की विशेष व सराहनीय भूमिका रही। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

