NTPC World Environment Day

सुशासन तिहार के आवेदनों का तेजी से करें निराकरण, आमजन का विश्वास बढ़ाएं : कलेक्टर संजय अग्रवाल

0
IMG-20260609-WA0776

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

अग्नि दुर्घटनाओं पर जताई चिंता, जागरूकता अभियान चलाने के दिए निर्देश
स्कूल खुलने से पहले सफाई, सुरक्षा और प्रवेश उत्सव की तैयारी पूरी करने पर जोर
खाद-बीज उपलब्धता, पीएम सूर्यघर योजना और वृक्षारोपण अभियान की हुई समीक्षा

बिलासपुर । कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सुशासन तिहार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरण, शिक्षा, कृषि, ऊर्जा, वृक्षारोपण तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश खरे एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल आवेदन का निपटारा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि संबंधित आवेदकों से दूरभाष पर संपर्क कर उन्हें की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी दी जानी चाहिए, ताकि शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो सके। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के 32 विभागों द्वारा 80 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है।

बढ़ती अग्नि दुर्घटनाओं पर चिंता

हाल के दिनों में जिले में बढ़ रही अग्नि दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने इसके कारणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्धारित क्षमता से अधिक विद्युत भार का उपयोग तथा पुराने विद्युत तारों की वायरिंग आग लगने की घटनाओं का प्रमुख कारण बन रही है। उन्होंने विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता बरतने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षा उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए।

राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की नियमित साप्ताहिक सुनवाई कर त्वरित निर्णय सुनिश्चित किए जाएं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों पर भी उन्होंने अधिकारियों को प्रतिदिन पोर्टल की समीक्षा कर समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

पीएम सूर्यघर योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए नगरीय निकायों एवं बड़े गांवों में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों में प्रस्तावित भर्तियों की प्रक्रिया को अधिकतम ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने और छह माह के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास करने को कहा।

खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष खाद और बीज का भंडारण एवं वितरण पिछले वर्ष की तुलना में अधिक किया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सेवा सहकारी समिति में खाद-बीज की कमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही नकली खाद एवं बीज बेचने वालों के खिलाफ सख्त निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

नए शिक्षा सत्र की तैयारियों पर विशेष फोकस

16 जून से प्रारंभ होने वाले नए शैक्षणिक सत्र को देखते हुए कलेक्टर ने जिला स्तरीय प्रवेश उत्सव की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत कमजोर रहा है, वहां विशेष प्रवेश उत्सव आयोजित कर शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के प्रयास किए जाएं। स्कूलों और छात्रावासों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं सत्र शुरू होने से पहले सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही जर्जर भवनों को चिन्हित कर उनमें कक्षाएं संचालित नहीं करने को कहा गया।

जुलाई में चलेगा व्यापक वृक्षारोपण अभियान

बैठक में आगामी जुलाई माह में प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के लिए उद्यानिकी विभाग द्वारा लगभग ढाई लाख तथा वन विभाग द्वारा नौ लाख पौधे तैयार किए गए हैं। कलेक्टर ने सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण और पौधों के संरक्षण की अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

कलेक्टर ने इंजेक्शन वेल निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही जिन औद्योगिक इकाइयों ने निर्धारित समय के भीतर कार्य प्रारंभ नहीं किए हैं, उन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए चेतावनी जारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक जवाबदेही ही सुशासन की पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!