NTPC World Environment Day

इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

0
IMG-20260614-WA0827

जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया के माध्यम से युवती से दोस्ती कर उसे ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर युवती को पैसों के जाल में फंसाकर धमकी देने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 13 जून 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से चांपा निवासी शिवम बरेठ (22 वर्ष) से हुई थी। आरोपी लगातार संदेश भेजकर उससे संपर्क में आया और धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। कुछ समय बाद आरोपी ने युवती को बहला-फुसलाकर तथा पैसों का लालच देकर उसके बैंक खाते में रकम जमा कर दी।

पीड़िता के अनुसार उसने पैसे लेने से मना किया था, लेकिन आरोपी ने बाद में राशि वापस कर देने की बात कहकर उसे विश्वास में ले लिया। शुरुआत में सामान्य बातचीत करने वाला आरोपी कुछ दिनों बाद अपना व्यवहार बदलने लगा। लगभग 10 से 12 दिनों के बाद उसने फोन कर युवती पर पैसे लौटाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया और बातचीत के दौरान गाली-गलौज करने लगा।

जब पीड़िता ने आरोपी से संपर्क समाप्त कर दिया, तब उसने लगातार फोन कर धमकियां देना शुरू कर दिया। शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने पीड़िता और उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही डराने-धमकाने और ब्लैकमेल करने का प्रयास भी किया। आरोपी की हरकतों से परेशान होकर युवती ने पुलिस की शरण ली।

शिकायत मिलते ही थाना चांपा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 310/2026 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 एवं 351(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(ए) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू कर दी। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी शिवम बरेठ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है और मोबाइल फोन से प्राप्त डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।

युवाओं से पुलिस की अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने युवाओं और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों से संपर्क करते समय विशेष सावधानी बरतें। किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर निजी जानकारी, फोटो, वीडियो या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।

पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से धमकी देता है, ब्लैकमेल करता है या साइबर अपराध का शिकार बनाने का प्रयास करता है, तो उसकी जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रमुख आरक्षक गणेश कौशिक, आरक्षक ईश्वरी राठौर, श्याम राठौर, वीरेश सिंह तथा थाना चांपा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!