NTPC World Environment Day

उधारी की रकम वसूलने घर में घुसे बदमाश, मारपीट कर दी जान से मारने की धमकी

0
IMG-20260614-WA0618

रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार; मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी निकला चिन्हांकित गुंडा

रायगढ़ । उधारी की रकम की जबरन वसूली के लिए एक कारोबारी के घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने वाले तीन आरोपियों को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी शामिल है, जो पुलिस रिकॉर्ड में चिन्हांकित गुंडा बदमाश बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके दो सहयोगियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा को भी गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने उधारी रकम की वसूली के नाम पर घर में घुसकर पीड़ित के साथ मारपीट की और 10 लाख रुपये की मांग करते हुए गंभीर धमकियां दी थीं।

तीन साल पुराना लेन-देन बना विवाद की वजह

मामले में आशीर्वाद पूरम कॉलोनी निवासी कमलेश सिंह ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कमलेश सिंह कोयला ट्रांसपोर्टिंग का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुडेकेला निवासी एक व्यवसायी का लगभग सात लाख रुपये का भुगतान आर्थिक परिस्थितियों के कारण पिछले करीब तीन वर्षों से लंबित है।

पीड़ित के अनुसार इसी रकम को लेकर 11 जून की दोपहर तीन आरोपी उनके घर पहुंचे। आरोप है कि कपिल सोलंकी अपने हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर घर में जबरन घुसा और अपने साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज शुरू कर दी।

10 लाख रुपये की मांग, नहीं देने पर दी हत्या की धमकी

रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने कहा कि यदि रकम का भुगतान नहीं किया गया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। आरोपियों ने कथित रूप से 10 लाख रुपये की मांग करते हुए पीड़ित को धमकाया कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उसकी हत्या करवा दी जाएगी।

इसके बाद तीनों ने मिलकर पीड़ित के साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित ने थाना कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

एसएसपी के निर्देश पर तत्काल हुई कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को मिलने पर उन्होंने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर सबसे पहले मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में कपिल ने अपने साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा की संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं कई गंभीर अपराध

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी थाना कोतवाली क्षेत्र का चिन्हांकित गुंडा बदमाश है। वर्ष 2014 से वह विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, बलवा और मारपीट जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।

वहीं आरोपी मनीष परियानी के खिलाफ भी लूट, प्रताड़ना, मारपीट, आबकारी और जुआ एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा उसके विरुद्ध पूर्व में कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है तथा जिला बदर की कार्रवाई भी हुई है।

तीसरे आरोपी गिरीश माखीजा के विरुद्ध भी जुआ, सट्टा और मारपीट के कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस द्वारा उसे गुंडा सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

गुंडागर्दी और अवैध वसूली पर पुलिस की सख्ती

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गुंडागर्दी, अवैध वसूली और आम नागरिकों को भयभीत करने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों और गुंडागर्दी के माध्यम से लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस का कहना है कि जिले में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!