NTPC World Environment Day

डॉग स्क्वॉड की सूझबूझ से कुछ ही घंटों में सुलझी चोरी की वारदात, दो आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260614-WA0655

सकरी पुलिस ने 60 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए, एफएसएल टीम ने भी निभाई अहम भूमिका

बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के साईं नगर उसलापुर में हुई घर में चोरी की वारदात का खुलासा पुलिस ने चंद घंटों के भीतर कर दिया। पुलिस की तत्परता, डॉग स्क्वॉड की सूझबूझ और एफएसएल टीम की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए गए। आरोपियों के कब्जे से लगभग 60 हजार रुपये मूल्य के आभूषण जब्त किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार साईं नगर उसलापुर निवासी नीता बघेल कृष्णा अस्पताल में झाड़ू-पोछा का कार्य करती हैं। 12 जून की रात ड्यूटी पर जाने से पहले उन्होंने अपने घर में ताला लगाकर घर बंद कर दिया था। अगले दिन सुबह ड्यूटी से लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। घर के भीतर रखी आलमारी से एक जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी के कमरबंद, सोने के कान के आभूषण, एक सोने की फुल्ली तथा लगभग एक हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई।

प्रार्थिया की शिकायत पर सकरी थाना में अपराध क्रमांक 570/2026 के तहत धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई, जिन्होंने चोरी के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

डॉग स्क्वॉड ने पहुंचाया आरोपियों तक

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया।

डॉग मास्टर राम मिलन सिंह द्वारा पुलिस डॉग को घटनास्थल से मिले सुरागों की गंध सूंघाई गई। पुलिस डॉग सीधे साईं नगर स्थित संदिग्धों के घर तक पहुंच गया। इसके आधार पर पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की।

कड़ाई से पूछताछ में कबूला जुर्म

शुरुआत में दोनों संदिग्ध पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे, लेकिन साक्ष्यों और कड़ाई से पूछताछ के बाद उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास चतुर्वेदी (24 वर्ष) निवासी धरमपुरा, जिला मुंगेली एवं वर्तमान निवासी साईं नगर उसलापुर तथा अमन टंडन (20 वर्ष) निवासी बैगाकापा, जिला मुंगेली एवं वर्तमान निवासी साईं नगर उसलापुर के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई एक जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी के कमरबंद, एक जोड़ी सोने के कान के आभूषण और एक सोने की फुल्ली बरामद कर ली है।

पुलिस की तत्परता की सराहना

सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। इस कार्रवाई में सकरी थाना पुलिस, एफएसएल टीम तथा डॉग स्क्वॉड के प्रभारी राम मिलन सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!