भाजपा बस्तर संभाग व जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्ययोजनाओं पर दिया गया जोर
रायपुर/जगदलपुर । भारतीय जनता पार्टी की बस्तर संभागीय बैठक व जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और आगामी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का संकल्प लिया गया। बैठक में मुख्य रूप से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और प्रदेश के वन व सहकारिता मंत्री केदार कश्यप का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता और मजबूत बूथ नेटवर्क हैं। श्री देव ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुट जाएँ।
प्रदेश के वन व सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि सांगठनिक मजबूती के साथ-साथ विकास कार्यों और जनसेवा के संकल्प को हर घर तक ले जाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। श्री कश्यप ने विभाग और संगठन के समन्वय से कार्ययोजनाओं को धरातल पर उतारने पर जोर देते हुए कहा कि हमारी सरकार ने अपने कार्यकाल में विकास और जनकल्याण के मोर्चों पर तेजी से काम करके अटूट जनविश्वास अर्जित किया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने विस्तृत चर्चा करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी तय की और बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने के लिए एक ठोस रणनीति साझा की। बैठक को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया, संभागीय सह प्रभारी हरपाल सिंह भामरा, भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने भी संबोधित किया। बैठक में प्रमुख रूप से सांसद महेश कश्यप , विधायक विनायक गोयल, प्रदेश उपाध्यक्ष जी वेंकट, शिवनारायण पाण्डेय, टेकेश्वर जैन, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप,महापौर संजय पाण्डेय, श्रीनिवास मिश्रा, लच्छू राम कश्यप, बैदूराम कश्यप, सुधीर पाण्डेय, प्रदेश मीडिया प्रभारी हेमंत पाणिग्रही, योगेन्द्र पाण्डेय,परीसराम बेसरा, आर्येंद्र सिंह आर्य सहित र्संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों के प्रमुख पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के संयोजक और वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

