मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का विजन नीति आयोग में सराहा गया, बस्तर विकास की नई इबारत लिखेगा छत्तीसगढ़: दक्ष वैद्य साहू
32 हजार हेक्टेयर में सिंचाई विस्तार, 100 करोड़ की एजुकेशन सिटी और 2 हजार करोड़ की डेयरी सिटी योजना से बदलेगी तस्वीर
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रस्तुत ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के विजन को प्रदेश के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया जा रहा है। भाजपा किसान मोर्चा के सोशल मीडिया प्रदेश सहप्रभारी एवं हिन्द सेना युवा ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष दक्ष वैद्य साहू ने मुख्यमंत्री के विजन की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना छत्तीसगढ़ को विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा करने की क्षमता रखती है।
दक्ष वैद्य साहू ने कहा कि बस्तर, जिसे कभी नक्सली हिंसा और पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास, रोजगार और नवाचार का केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। नीति आयोग के मंच पर प्रस्तुत विकास की रूपरेखा केवल छत्तीसगढ़ के लिए ही नहीं, बल्कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
आदिवासी परिवारों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य
उन्होंने बताया कि सरकार ने बस्तर क्षेत्र के आदिवासी परिवारों की मासिक आय को आगामी तीन वर्षों में 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस योजना से क्षेत्र के लगभग 85 प्रतिशत परिवारों की आर्थिक स्थिति में व्यापक सुधार आने की संभावना है। रोजगार, स्वरोजगार और कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा।
डेयरी सिटी से मिलेगा रोजगार का नया आधार
दक्ष वैद्य साहू ने कहा कि बस्तर को डेयरी उत्पादन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली डेयरी सिटी परियोजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, दुग्ध संग्रहण केंद्र और विपणन तंत्र को मजबूत किया जाएगा। महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आय के नए स्रोत विकसित होंगे।
32 हजार हेक्टेयर भूमि तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी
उन्होंने कहा कि कृषि विकास के लिए सरकार ने 32 हजार हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ने की योजना बनाई है। खेतों तक पानी पहुंचने से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। यह कदम बस्तर क्षेत्र में कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।
अबुझमाड़-जगरगुंडा में बनेगी एजुकेशन सिटी
युवाओं को बेहतर शिक्षा और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अबुझमाड़ और जगरगुंडा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये की लागत से एजुकेशन सिटी विकसित करने की घोषणा की गई है। इस परियोजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं को आधुनिक शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी कौशल उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके साथ ही कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), सेमीकंडक्टर निर्माण तथा एडवेंचर टूरिज्म जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने की भी व्यापक रणनीति तैयार की गई है।
सुरक्षा शिविर बनेंगे सेवा डेरा
दक्ष वैद्य साहू ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में स्थापित लगभग 200 सुरक्षा शिविरों को सेवा डेरा के रूप में विकसित किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की 371 योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। राशन, पेंशन, आयुष्मान भारत, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल से मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रदेश के 36 लाख नागरिकों का डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किया जाएगा। इससे मरीजों के उपचार, दवा और स्वास्थ्य संबंधी संपूर्ण रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।
पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाएगा बस्तर
उन्होंने कहा कि सरकार बस्तर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए भी गंभीरता से कार्य कर रही है। वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, जंगल सफारी और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के विकास के माध्यम से बस्तर को नई पहचान दिलाई जाएगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भाजपा किसान मोर्चा देगा सहयोग
दक्ष वैद्य साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और संवेदनशील नेतृत्व के बल पर किसी भी क्षेत्र की तस्वीर बदली जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज बस्तर “दूध, पानी और काम” की नई पहचान की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में संगठन सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और उन्हें धरातल पर सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
दक्ष वैद्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन दूरदर्शी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ शीघ्र ही देश के विकसित और अग्रणी राज्यों में अपना स्थान सुनिश्चित करेगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

