आदिवासी समाज की बेटी कमला पुसाम ठाकुर का पचपेड़ी थाना में सम्मान समाज ने जताया गर्व, युवाओं को दिया शिक्षा और सेवा का संदेश

0
IMG-20260621-WA1477

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

पचपेड़ी। बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना में पदस्थ आदिवासी समाज की बेटी एवं महिला थानेदार श्रीमती कमला पुसाम ठाकुर का सर्व आदिवासी समाज ब्लॉक मस्तूरी के सामाजिक प्रतिनिधियों द्वारा थाना कार्यालय में आत्मीय सम्मान किया गया। इस अवसर पर समाजजनों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत किया तथा श्रीफल और पीला साफा पहनाकर सम्मानित करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि श्रीमती कमला पुसाम ठाकुर ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और ईमानदार कार्यशैली के बल पर पुलिस विभाग में विशिष्ट पहचान बनाई है। उनकी उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे आदिवासी समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि जब समाज की बेटियां उच्च पदों पर पहुंचती हैं, तो यह समाज के विकास, सशक्तिकरण और प्रगतिशील सोच का परिचायक बनता है।

NTPC World Environment Day

समाजजनों ने कमला पुसाम ठाकुर को गोंडवाना की गौरवशाली बेटी बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा और समर्पण से यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर परिश्रम के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता समाज की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है।

सम्मान समारोह के दौरान थानेदार श्रीमती कमला पुसाम ठाकुर ने उपस्थित युवाओं और समाजजनों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से उच्च पदों तक पहुंच सकते हैं तथा समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

समाज की बेटी को उच्च पद पर देखकर पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। समाज के लोगों ने इसे सामूहिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज के आत्मविश्वास और उन्नति का प्रतीक है।

इस अवसर पर अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह पैकरा (पूर्व सभापति), संरक्षक रिखीराम नेताम, गोंड़ समाज अध्यक्ष दिलेश्वर प्रसाद मरावी, पूर्व जनपद सदस्य एवं उपाध्यक्ष शिव जगत, संचालक पद्मभूषण सिंह पैकरा, समाज प्रमुख ननकीराम जगत, कर्मचारी अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच प्रतिनिधि भगवान सिंह जगत, महिला सचिव श्रीमती नंद कुमारी मरकाम, सरपंच हरवंश सिंह पैकरा, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि चंदराम मरावी, समाज प्रमुख संत राम पैकरा, कोषाध्यक्ष विजय नेताम, सचिव रघुनाथ जगत, सरपंच प्रतिनिधि सुनील मरकाम, युवा अध्यक्ष मनोज मरावी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!