पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल का सदस्य गिरफ्तार, ISI से संपर्क के आरोप जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, किरायेदार सत्यापन के दौरान खुलासा

0
IMG-20260621-WA1954

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े नेटवर्क से संपर्क और देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, थाना पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26, धारा 152 एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिले में आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि अकलतरा के मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में अन्य राज्यों के कुछ व्यक्ति किराए पर रह रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी किरायेदारों का सत्यापन किया, जहां आरोपी संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।

NTPC World Environment Day

पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा दिए गए जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए, जिसके बाद उसके मोबाइल फोन की जांच की गई। जांच में पाकिस्तान, सऊदी अरब तथा अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के संकेत मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा मोबाइल से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल गतिविधियों से जुड़े साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित रूप से विदेश में बैठे संदिग्ध नेटवर्क से संपर्क में था और छत्तीसगढ़ के संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण व्यक्तियों, वाहनों तथा अन्य जानकारियों के आदान-प्रदान से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के संकेत मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी तथ्य सामने आया है कि आरोपी को ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना की बात सामने आई है तथा आगे चलकर उसे लक्षित वारदातों में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इन सभी तथ्यों की पुष्टि विस्तृत विवेचना और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की गतिविधियां राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा प्रतीत होती हैं। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है और पूरे नेटवर्क, संपर्क सूत्रों तथा संभावित सहयोगियों की पहचान के लिए गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!