बिलासपुर पुलिस का बड़ा अभियान, 85 संदिग्ध हिरासत में चाकूबाजों और गुंडा-बदमाशों पर शिकंजा, 25 जेल भेजे गए, 4 के पास मिले अवैध हथियार
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
बिलासपुर। शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों, चाकूबाजी और गुंडागर्दी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने सोमवार सुबह शहर के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सघन अभियान चलाया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित इस व्यापक कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने एक साथ विभिन्न इलाकों में दबिश देकर आदतन बदमाशों, चाकूबाजों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 85 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ और सत्यापन किया। जांच में कई ऐसे लोग सामने आए जिनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं और जिनका आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। इसके बाद पुलिस ने 56 आदतन गुंडा-बदमाशों एवं चाकूबाजों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 25 व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई से शहर के असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता तब मिली जब 4 व्यक्ति अवैध धारदार हथियार के साथ पकड़े गए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चाकू एवं अन्य धारदार हथियार बरामद किए गए। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, मारपीट, दहशत फैलाने, अवैध हथियार रखने या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे तत्वों पर जिला बदर, निरोधात्मक कार्रवाई और अन्य कड़े कानूनी प्रावधान भी लागू किए जाएंगे।
बिलासपुर पुलिस ने दो टूक कहा है कि जिले में अपराध, गुंडागर्दी, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी और निर्णायक पहल माना जा रहा है, जिससे शहर में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
