7 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, विधायक दिलीप लहरिया ने सौंपा ज्ञापन
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
मस्तूरी । किसानों, छात्रों और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सोमवार को मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया। मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भोलाराम साहू एवं जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में जोंधरा चौक में धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
धरना प्रदर्शन के दौरान विधायक दिलीप लहरिया ने कहा कि किसान खाद की किल्लत, कालाबाजारी और बिजली संकट से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण किसानों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। साथ ही बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि तथा नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक जैसे मुद्दों को भी उठाया गया।
विधायक ने कहा कि प्रदेश में बिजली कटौती और भारी-भरकम बिजली बिलों से आम जनता त्रस्त है। वहीं नल-जल योजना में भी कई स्थानों पर अनियमितताएं देखने को मिल रही हैं, जिनकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।


कांग्रेस ने अपने 7 सूत्रीय मांगपत्र में मस्तूरी मुख्यालय स्थित जर्जर जनपद पंचायत कार्यालय के स्थान पर नवीन भवन निर्माण, बस स्टैंड में सुलभ शौचालय, यात्री प्रतीक्षालय, विश्राम गृह, नवीन बस स्टैंड निर्माण सहित क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।
धरना स्थल से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
