केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू आज से दो राज्य आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना के प्रवास पर रहेंगे
बिलासपुर । भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू 22 जून से 26 जून 2026 तक आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना राज्य के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे केंद्र सरकार की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे तथा राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे।
दौरे के दौरान श्री साहू 23 जून को आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में सीपीडब्ल्यूडी, एनबीसीसी एवं हुडको के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके साथ ही अमरावती एवं अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण कर राज्य में संचालित आवासन एवं शहरी विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे। वे राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा करेंगे।

24 जून को श्री साहू तिरुपति में विभिन्न शहरी विकास एवं अधोसंरचना परियोजनाओं का अवलोकन करेंगे। इसके पश्चात तिरुपति स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में शामिल होकर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे।
दौरे के अगले चरण में वे हैदराबाद पहुंचकर तेलंगाना राज्य में संचालित आवासन एवं शहरी विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे। 25 जून को सीपीडब्ल्यूडी, एनबीसीसी एवं हुडको के अधिकारियों तथा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति और भावी कार्ययोजना पर चर्चा करेंगे। साथ ही स्थानीय विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी करेंगे।
श्री साहू अपने प्रवास के दौरान आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना के माननीय मुख्यमंत्रियों तथा राज्यपाल से भी सौजन्य भेंट करेंगे। दौरा पूर्ण करने के पश्चात वे 26 जून को रायपुर पहुंचेंगे और तत्पश्चात बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
