धरमपुरा पंचायत में भ्रष्टाचार के आरोप, जनपद सदस्य ने कलेक्टर से की जांच की मांग निर्माण कार्यों में अनियमितता, फर्जी भुगतान और हितग्राहियों से वसूली का आरोप
मुंगेली। जनपद पंचायत मुंगेली के क्षेत्र क्रमांक 19 धरमपुरा की जनपद सदस्य निकिता राजा घृतलहरे ने ग्राम पंचायत धरमपुरा के सरपंच पर गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में पंचायत के विभिन्न निर्माण कार्यों में भारी गड़बड़ी, फर्जी भुगतान और सरकारी योजनाओं में अनियमितता की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
जनपद सदस्य निकिता घृतलहरे द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत धरमपुरा में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग में गंभीर गड़बड़ियां सामने आई हैं। आरोप है कि कई निर्माण कार्यों में बिना कार्य कराए ही राशि निकाल ली गई और फर्जी भुगतान कर शासकीय धन का दुरुपयोग किया गया।
शिकायत में विशेष रूप से हाई स्कूल परिसर में हुए मुर्मीकरण कार्य और सीसी गली निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इन कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने के साथ-साथ मूलभूत मद की राशि के फर्जी बिल लगाकर भ्रष्टाचार किया गया।

जनकल्याणकारी योजनाओं में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के अनुसार राशन कार्ड बनवाने, शौचालय निर्माण एवं Pradhan Mantri Awas Yojana के हितग्राहियों से अवैध रूप से राशि वसूली की जा रही है। यह भी आरोप लगाया गया कि पुराने घरों को आवास योजना के अंतर्गत पास कराने के नाम पर लोगों से पैसे लिए जा रहे हैं।
जनपद सदस्य ने यह भी आरोप लगाया कि आवास योजना के हितग्राहियों को धमकाया जाता है कि यदि वे पैसे नहीं देंगे या जनपद अथवा कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत करेंगे, तो उनकी राशि रोक दी जाएगी तथा जिला पंचायत स्तर से उनके कार्यों में बाधा डाली जाएगी।
शिकायत में कहा गया है कि कई बार मौखिक एवं लिखित शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस जांच नहीं की गई है। ग्रामीणों में भय का वातावरण है, जिसके कारण कई लोग खुलकर सामने आने से डर रहे हैं।
जनपद सदस्य निकिता घृतलहरे ने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम पंचायत धरमपुरा में सरपंच द्वारा किए गए कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
इस दौरान विक्की मल्हार, शेरू सिंह, पवित्र लहरे, छेदीलाल नागेश, प्रकाश साहू, गजराज, नीलकंठ, सावित्री साहू, दीपाली निर्मलकर, सुनीता साहू, रुद्राणी, रेखा कोदन देव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
