सुशासन तिहार में कृषि विभाग ने किया शत-प्रतिशत आवेदनों का निराकरण
200 किसानों की समस्याओं का हुआ समाधान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और किसान समृद्धि योजना के लाभ से जुड़े प्रकरणों का त्वरित निपटारा
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशन में आयोजित सुशासन तिहार किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। सरगुजा जिले में कृषि विभाग ने किसानों से प्राप्त सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण कर शासन की संवेदनशील और जवाबदेह कार्यशैली का परिचय दिया है। इससे किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
सुशासन तिहार के दौरान जिले के विभिन्न विकासखंडों से कृषि विभाग को कुल 200 आवेदन एवं मांगें प्राप्त हुई थीं। इनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और किसान समृद्धि योजना से जुड़े प्रकरण प्रमुख रूप से शामिल थे। जिला प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारियों ने प्राप्त प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा में सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया।

किसानों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों में पंजीयन, आधार सीडिंग, बैंक खाते की त्रुटियों के सुधार, पात्रता संबंधी समस्याएं, नाम संशोधन तथा योजना की राशि प्राप्त नहीं होने जैसे विषय प्रमुख रहे। विभागीय अधिकारियों ने दस्तावेजों का सत्यापन कर पात्र किसानों को योजनाओं से जोड़ने और लंबित मामलों का त्वरित समाधान करने के लिए विशेष अभियान चलाया।
विकासखंडवार हुआ प्रभावी निराकरण
अम्बिकापुर विकासखंड में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 22 एवं किसान समृद्धि योजना के 11, कुल 33 प्रकरणों का निराकरण किया गया। लखनपुर विकासखंड में दोनों योजनाओं से संबंधित कुल 50 आवेदनों का समाधान किया गया। उदयपुर में 12, लुण्ड्रा में 13, बतौली में 18, सीतापुर में 56 तथा मैनपाट में 18 आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।
सभी विकासखंडों में विशेष शिविरों, विभागीय समीक्षा बैठकों और मैदानी स्तर पर सतत निगरानी के माध्यम से समाधान प्रक्रिया को गति दी गई। इसके परिणामस्वरूप प्राप्त सभी 200 आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण संभव हो सका।
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप किसानों तक पहुंच रही राहत
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहा है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सुशासन से बढ़ा किसानों का विश्वास
सुशासन तिहार के माध्यम से किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान होने से उन्हें योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो रहा है। इससे न केवल किसानों का शासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनहितैषी योजनाओं के प्रति सकारात्मक वातावरण भी निर्मित हुआ है। कृषि विभाग द्वारा सभी प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन, जवाबदेही और जनसेवा के संकल्प को धरातल पर साकार करता है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
