अमरकंटक के कपिलधारा ग्लास व्यू प्वाइंट का सुरक्षा कांच टूटा ,बड़ी दुर्घटना की आशंका , सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल ,
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक । मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कपिलधारा स्थित ग्लास व्यू प्वाइंट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं । प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्लास व्यू प्वाइंट का एक सुरक्षा कांच क्षतिग्रस्त हो गया है जिससे यहां आने वाले पर्यटकों के लिए किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है ।
स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा व्यू प्वाइंट के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है । सुरक्षा कांच टूटने के बावजूद पर्यटकों की आवाजाही जारी रहने से लोगों में चिंता का भय व्याप्त है ।

कपिलधारा अमरकंटक के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शामिल है , जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं । ऐसे में क्षतिग्रस्त ग्लास व्यू प्वाइंट किसी भी समय गंभीर हादसे का कारण बन सकता है । विशेष रूप से छोटे बच्चों के साथ आने वाले परिवारों को अधिक सावधानी बरतनी पड़ रही है । स्थानीय लोगों का कहना है कि टूटे हुए कांच के पास खड़े होकर नीचे देखने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है ।
हालांकि नगर परिषद कार्यालय प्रशासन को जानकारी मिलने के बाद क्षतिग्रस्त हिस्से को अस्थायी रूप से कवर कर दिया गया है लेकिन लोगों का कहना है कि जब तक कांच की पूर्ण मरम्मत और सुरक्षा मानकों की तकनीकी जांच नहीं हो जाती तब तक व्यू प्वाइंट को आमजन के लिए बंद रखा जाना चाहिए ।
अनुसूचित जनजातीय मोर्चा के जिला मंत्री समीर मानिकपुरी ने कहा कि जिला प्रशासन , पर्यटन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है । वहीं नर्मदा मंदिर के पुजारी पंडित रूपेश द्विवेदी ने कहा कि राजस्व संग्रह से अधिक महत्वपूर्ण मानव जीवन की सुरक्षा है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए ।
कपिलधारा जलप्रपात अमरकंटक के प्रमुख आकर्षणों में से एक है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने प्रतिवर्ष हजारों , लाखों पर्यटक पहुंचते हैं । ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के लिए चिंता का विषय है ।
इस संबंध में नगर पालिका अमरकंटक के मुख्य नगर पालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर दिया गया है । उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने और सुरक्षा मानकों की पुष्टि होने तक ग्लास व्यू प्वाइंट को बंद रखा जाएगा । तत्काल सुरक्षा हेतु मरम्मत कार्य किया गया है ।
क्षेत्रवासियों ने भी “पहले सुरक्षा, फिर पर्यटन” की मांग करते हुए प्रशासन से शीघ्र एवं ठोस कार्रवाई कर संभावित दुर्घटना को रोकने की अपील की है ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
