अमरकंटक पहुंचे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ,सपरिवार मां नर्मदा का किया पूजन-अर्चन
संवाददाता । श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक । मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में शुक्रवार 26 जून 2026 को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल सपरिवार मां नर्मदा के दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचे । प्रातः लगभग 11:30 बजे उन्होंने नर्मदा उद्गम स्थल पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ मां नर्मदा का पूजन-अर्चन किया । इसके पश्चात उन्होंने बाबा अमरकंटेश्वर महादेव का जलाभिषेक , पूजन एवं आरती कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की ।


श्री बघेल अपनी धर्मपत्नी श्रीमती मुक्तेश्वरी बघेल , परिजनों एवं मित्र प्रदीप शर्मा के साथ नर्मदा उद्गम कुंड पहुंचे जहां उन्होंने श्रद्धापूर्वक मां नर्मदा के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया ।
नर्मदा मंदिर के पुजारी पंडित उमेश द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ उनका संपूर्ण पूजन-अर्चन संपन्न कराया । इसके बाद उन्होंने बाबा अमरकंटेश्वर महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक किया तथा मंदिर परिसर की परिक्रमा की । इस दौरान उन्होंने 11 रुद्र महादेव मंदिर में भी दर्शन कर शीश नवाया ।
परिक्रमा के दौरान श्री बघेल ने अपने परिवार के साथ मंदिर परिसर में स्मृति स्वरूप छायाचित्र भी खिंचवाए । नर्मदा मंदिर के पुजारियों ने उन्हें मां नर्मदा की पावन चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा प्रसाद भेंट करते हुए उनके स्वस्थ , दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन तथा राजनीतिक उन्नति की मंगलकामना की ।
आशीर्वाद एवं सम्मान समारोह के अवसर पर पंडित उमेश द्विवेदी , पंडित उत्तम द्विवेदी , पंडित विनायक द्विवेदी , पंडित रबी द्विवेदी सहित अन्य पुजारीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे ।
इसके उपरांत भूपेश बघेल ने प्राचीन पुरातत्व संरक्षित परिसर स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया । प्राप्त जानकारी के अनुसार वे अपने परिवार के साथ दो दिवसीय निजी प्रवास पर अमरकंटक आए हैं ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
