पल्स पोलियो अभियान: 28 से 30 जून तक 810 पोलियो बूथ में 1.19 लाख बच्चों को मिलेगी सुरक्षा की दो बूंद

0
image_search_1782540582903

मुंगेली । कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 28 से 30 जून 2026 तक तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के तीनों विकासखण्डों में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 01 लाख 19 हजार 505 बच्चों को पोलियो की जीवन रक्षक खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर ने पंचायत, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, नगरीय प्रशासन, राजस्व, आयुष एवं स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। कलेक्टर ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 05 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य ले जाएं और पोलियो की दो बूंद पिलाकर उन्हें आजीवन अपंगता से सुरक्षित रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस 28 जून को जिले में 810 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पोलियो की दवा पिला सकेंगे। इसके बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए। अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मितानिनों द्वारा गांवों में दीवार लेखन के माध्यम से जनजागरूकता फैलाई जा रही है, वहीं शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में माइकिंग कर लोगों को अभियान की जानकारी दी जा रही है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए 01 हजार 620 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है तथा उनकी निगरानी के लिए 100 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। जिला एवं विकासखण्ड स्तर के सभी कर्मचारियों को पूर्व प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!