‘आत्मनिर्भर नारी ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की पहचान’
बीजापुर के जांगला में बिहान महिला चौपाल में शामिल हुईं मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, महतारी वंदन योजना, स्व-सहायता समूह और स्वरोजगार से जुड़ने का किया आह्वान
रायपुर । महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने बीजापुर प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत जांगला में आयोजित बिहान महिला चौपाल में भाग लेकर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया। इस अवसर पर महिलाओं ने आत्मीय स्वागत किया। चौपाल में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने महिलाओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया और कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
महिलाओं ने साझा किए आत्मनिर्भरता के अनुभव


चौपाल के दौरान बिहान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने अपनी आर्थिक गतिविधियों एवं आजीविका के अनुभव साझा किए। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। समूहों के माध्यम से वे स्वरोजगार अपनाकर अपनी आय बढ़ा रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रही हैं।
ग्राम पंचायत कोण्ड्रोजी की एक सक्रिय महिला सदस्य ने समूह की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि स्व-सहायता समूह द्वारा ईंट निर्माण कार्य से लगभग दो लाख रुपये की आय अर्जित की गई है। उन्होंने कहा कि समूह की महिलाओं ने सामूहिक प्रयास और आत्मविश्वास के बल पर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
‘हर महिला योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़े’ : मंत्री श्रीमती राजवाड़े
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक उन्नति राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।
उन्होंने महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में स्व-सहायता समूहों से जुड़ने तथा स्वरोजगार आधारित गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समूहों की सामूहिक शक्ति महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बना रही है।
महतारी वंदन योजना का पोर्टल फिर होगा शुरू
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने महिलाओं को जानकारी दी कि महतारी वंदन योजना का पोर्टल शीघ्र ही पुनः प्रारंभ होने वाला है। उन्होंने कहा कि जो पात्र महिलाएं अब तक किसी कारणवश योजना से वंचित रह गई हैं, वे पोर्टल खुलते ही अपना पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि पात्र महिलाओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करें और कोई भी महिला शासन की इस महत्वपूर्ण योजना से वंचित न रहे।
सरकार महिलाओं के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। बिहान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महतारी वंदन योजना तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को नई पहचान और नई ऊर्जा मिल रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से गांवों का विकास तेज होगा और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण का लक्ष्य शीघ्र पूरा होगा।
चौपाल का समापन महिलाओं के साथ संवाद, सुझावों के आदान-प्रदान और शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ। इस दौरान महिलाओं ने शासन की योजनाओं के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए उन्हें सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
