अबूझमाड़ से गूंजा स्वस्थ भारत का संकल्प: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बच्चों को पिलाई पोलियो रोधी खुराक
देशव्यापी अभियान की शुरुआत के साथ नारायणपुर के अबूझमाड़ में नौनिहालों को पिलाई गई ‘दो बूंद जिंदगी की’, शत-प्रतिशत टीकाकरण का दिया संदेश
रायपुर । राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत आज देशभर में शुरू हुए विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र से भी उत्साहपूर्वक हुई। महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया और अभिभावकों से अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पोलियो जैसी गंभीर बीमारी पर भारत ने प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है, लेकिन इसे पूरी तरह समाप्त बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “दो बूंद जिंदगी की” स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण का आधार है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और अभियान में लगे सभी कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विशेष रूप से अबूझमाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों में अभियान का प्रभावी संचालन सरकार की जनकल्याणकारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सुरक्षा और बच्चों के समग्र विकास को लेकर लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान भी इसी संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देश के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षित रखना है।
अभियान के दौरान जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिनें एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
