कबीरधाम में पल्स पोलियो अभियान शुरू, 1.13 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक दो बूंद
नगर पालिका अध्यक्ष ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया शुभारंभ, 29-30 जून को घर-घर जाकर बच्चों को पिलाई जाएगी पोलिया की खुराक
रिपोर्टर✒️कमलेश सिंह
कवर्धा । जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कवर्धा में नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चंद्रवंशी द्वारा बच्चों को पोलियो रोधी वैक्सीन की दो बूंद पिलाकर किया गया। अभियान के तहत जिले के सभी पोलियो बूथों पर जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाई गई। वहीं 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तूरे ने बताया कि जिले में इस अभियान के अंतर्गत कुल 1 लाख 13 हजार 83 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें विकासखंड कवर्धा के 28,525, बोड़ला के 24,758, सहसपुर लोहारा के 20,175 तथा पंडरिया के 39,625 बच्चे शामिल हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 939 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। साथ ही जिला स्तरीय निगरानी दल द्वारा विभिन्न विकासखंडों में अभियान का निरीक्षण भी किया गया। डॉ. तूरे ने बताया कि भारत में वर्ष 2011 के बाद से पोलियो का एक भी मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद पोलियो मुक्त स्थिति बनाए रखने के लिए नियमित सर्विलांस और पल्स पोलियो अभियान लगातार संचालित किए जाते है।उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को एक साथ पोलियो की अतिरिक्त खुराक देना संक्रमण की संभावनाओं को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. डी.के. तूरे ने बताया कि विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों, जैसे गुड़ फैक्ट्री, ईंट-भट्ठे, बस स्टैंड, घुमंतू बस्तियों तथा शहरी स्लम क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और वहां छूटे हुए बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। शुभारंभ कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सलिल मिश्रा, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक अंशुल थूदगर, डॉ. मुकुंद राव, जयंत कुमार, नेतराम साहू, आराधना बंजारे, आकांक्षा, दुर्गेश गुप्ता एवं विकास विश्वकर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं आरएचओ महिला अश्वनी श्रीवास्तव एवं झरोखा कौशिक ने बूथ पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
