अवैध खनन पर जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई, तीन माह में 78 प्रकरणों में 28.68 लाख रुपये से अधिक का अर्थदण्ड वसूल

0
image_search_1782700718267

कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देश पर खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई, अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण करने वालों पर कड़ी निगरानी

बेमेतरा । कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खनिज शाखा द्वारा लगातार सघन जांच एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत राजस्व, पुलिस एवं संबंधित विभागों के समन्वय से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण, वाहन जांच एवं कार्रवाई की जा रही है। कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा) बेमेतरा द्वारा 1 अप्रैल 2026 से 25 जून 2026 की अवधि में खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23-ख के तहत अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध कुल 78 प्रकरण दर्ज किए गए। इन प्रकरणों में कुल 28 लाख 68 हजार 350 रुपये का अर्थदण्ड वसूल कर प्रशमन की कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अवधि में अवैध परिवहन के 66 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें लगभग 19 लाख 71 हजार 350 रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित कर वसूल किया गया। इसी प्रकार अवैध उत्खनन के 11 प्रकरणों में लगभग 7 लाख 67 हजार रुपये तथा अवैध भण्डारण के 1 प्रकरण में लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये का अर्थदण्ड वसूल किया गया।

NTPC World Environment Day

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि जिले में खनिज संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा शासन के राजस्व हितों की रक्षा के लिए अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन, परिवहन या भण्डारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!