दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश, नागपुर मंडल के अंतर्गत आलेवाही–सिंदेवाही रेलखंड के मध्य 26 मीटर स्पैन गर्डर का डी-लॉन्चिंग कार्य सफलतापूर्वक संपन्न।
दपूमरे, नागपुर मंडल । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल ने आधारभूत संरचना विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए आलेवाही–सिंदेवाही रेलखंड के मध्य 26 मीटर स्पैन गर्डर का डी-लॉन्चिंग कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। यह कार्य मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं सतत निगरानी में अभियंत्रिकी विभाग द्वारा सुरक्षित, योजनाबद्ध एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न किया गया।
उल्लेखनीय है कि उक्त गर्डर का लॉन्चिंग कार्य 27 मई 2026 को प्रारंभ किया गया था। महज एक माह के भीतर 62 मीटर बॉक्स पुशिंग तकनीक के माध्यम से डी-लॉन्चिंग का संपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह कार्य तकनीकी दृष्टि से अत्यंत चुनौतीपूर्ण था तथा अभियंत्रिकी दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
यह कार्य राज्य सिंचाई विभाग की नहर (क्रॉसिंग) के कारण लंबे समय से लंबित था। नहर को बिना किसी क्षति पहुँचाए तथा सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इस जटिल कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। इससे परियोजना के निर्माण कार्य को नई गति मिलेगी तथा आलेवाही–सिंदेवाही रेलखंड के विकास में महत्वपूर्ण प्रगति सुनिश्चित होगी।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, तकनीकी दक्षता तथा बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण कार्य को समयबद्ध एवं सुरक्षित ढंग से पूरा करने के लिए अभियंत्रिकी विभाग, निर्माण संगठन, परिचालन विभाग, विद्युत विभाग, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की।
इस महत्वपूर्ण कार्य के पूर्ण होने से परियोजना के शेष कार्यों में तेजी आएगी तथा भविष्य में इस रेलखंड पर सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर रेल परिचालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
