अमृत मिशन 2.0 की लापरवाही: बारिश में खोदे गए गड्ढे बने मुसीबत, भरारी में खाद्य सामग्री से भरा ट्रक फंसा
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
भरारी। अमृत मिशन 2.0 योजना के तहत लीलागर नदी से एनएच रोड किनारे बिछाई जा रही पाइपलाइन और चेंबर निर्माण का कार्य अब आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। बारिश के मौसम में जगह-जगह गहरे गड्ढे खोदकर छोड़ दिए जाने से दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में ग्रामीणों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।
मंगलवार को विभागीय लापरवाही का असर उस समय सामने आया, जब सेवा सहकारी समिति भरारी के खाद्य भंडार के लिए राशन सामग्री लेकर आ रहा एक भारी वाहन सड़क किनारे बनाए गए चेंबर के गड्ढे में फंस गया। ट्रक के फंसने से खाद्य सामग्री की आपूर्ति प्रभावित हुई, वहीं कुछ समय तक आवागमन भी बाधित रहा।


राहगीरों और मवेशियों पर मंडरा रहा खतरा
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी द्वारा गड्ढों के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। लगातार बारिश से गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे राहगीरों और मवेशियों के लिए खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने जताई चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन दुपहिया वाहन चालक और मवेशी इन गड्ढों के कारण हादसे का शिकार हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
विभागीय कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
बारिश के दौरान बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के निर्माण कार्य जारी रखने को लेकर स्थानीय लोगों ने विभाग और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि गड्ढों के आसपास तत्काल बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक लगाए जाएं तथा निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

