संस्कृत भारती मुंगेली की साप्ताहिक बैठक संपन्न, संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार पर हुआ मंथन
मुंगेली। संस्कृत भारती, मुंगेली की साप्ताहिक बैठक का आयोजन 11 जुलाई 2026 को शंकर मंदिर, मल्हापारा में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। बैठक का शुभारंभ ध्येय मंत्र, रुद्राष्टकम्, संस्कृत गीत, श्लोक एवं स्तोत्र पाठ के साथ किया गया।
बैठक में संस्कृत भारती के प्रांत कुटुंब प्रमुख दामोदर सोनी, मुंगेली संयोजक डॉ. रामबाबू मिश्र, हथनी कला स्रोत केंद्र प्रमुख पीताम्बर सिंह ठाकुर, विनोद सिंह ठाकुर, रामनिवास, सुकली-लोरमी बाल केंद्र प्रमुख बलबीर सोनकर, काली मंदिर वार्ड प्रमुख बुद्धेश्वर उपाध्याय तथा बाल केंद्र वार्ड प्रमुख विजय बाघमार पैकरा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार को और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई। कार्यकर्ताओं ने नए स्वयंसेवकों को संगठन से जोड़ने, बाल एवं वार्ड केंद्रों को अधिक सशक्त बनाने तथा नियमित संस्कृत संभाषण वर्गों के संचालन को गति देने पर विशेष जोर दिया।

वक्ताओं ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की आधारशिला है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संस्कृत भाषा को जन-जन तक पहुंचाने तथा उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। शांति मंत्र के सामूहिक पाठ के साथ बैठक का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

