सूने मकान का ताला तोड़कर हजारों की चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर

0
IMG_20260716_133334_492

मल्हार चौकी क्षेत्र के ग्राम चौहा की घटना, पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर शुरू की जांच

मल्हार । मल्हार चौकी क्षेत्र के ग्राम चौहा में सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने हजारों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुट गई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चौहा निवासी विवेक राय ने मल्हार चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी मां गांव में अकेली रहती हैं। 10 जुलाई की शाम लगभग 6 बजे उनका बड़ा भाई मां को अपने साथ बिलासपुर ले गया था, जिसके बाद मकान तीन दिनों तक सूना पड़ा रहा।

13 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे जब परिवार के सदस्य वापस गांव पहुंचे तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे का दरवाजा और अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थे।

NTPC World Environment Day

पीड़ित के अनुसार चांदी के छह जेवर, सोने के तीन आभूषण, करीब 20 हजार रुपये मूल्य के कीमती गहने तथा 15 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 35 हजार रुपये बताई गई है।

सूचना मिलते ही मल्हार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

इस मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्धों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस स्थानीय स्तर पर भी विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। हालांकि किसी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!