भारतीय किसान संघ ने नवनियुक्त कलेक्टर का किया स्वागत, किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा 12 सूत्रीय ज्ञापन

0
IMG_20260716_133536_903

खाद, बिजली, सिंचाई, समर्थन मूल्य और किसान भवन सहित कई मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग

मरवाही। भारतीय किसान संघ, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला इकाई ने नवनियुक्त जिला कलेक्टर से मुलाकात कर उनका स्वागत किया तथा जिले के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संघ ने कृषि क्षेत्र से जुड़ी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण होने से जिले में कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

जिला अध्यक्ष रामनारायण राय के नेतृत्व में आयोजित मासिक बैठक में सबसे पहले किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी दी गई। बीमा कंपनी के जिला अधिकारी अवधेश प्रताप सिंह ने उपस्थित किसानों को योजना के प्रावधान, पात्रता और दावा प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

इसके बाद भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त कलेक्टर से सौजन्य भेंट कर उनका स्वागत किया और जिले के किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। संघ ने बताया कि जिले की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है, लेकिन खाद, सिंचाई, बिजली और विपणन से जुड़ी समस्याओं के कारण किसानों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

NTPC World Environment Day

ज्ञापन में प्रमुख रूप से सभी सहकारी समितियों एवं भंडारण केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही कृषि फीडरों में शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक बाधित रहने वाली विद्युत आपूर्ति को नियमित करते हुए किसानों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने तथा बिजली वितरण केंद्रों के संपर्क नंबर बिजली बिलों में अंकित कराने की मांग रखी गई, ताकि शिकायतों का त्वरित निराकरण हो सके।

संघ ने जिले की जर्जर सिंचाई व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता बताते हुए कुम्हारी व्यपवर्तन परियोजना की नहरों से अंतिम गांव तक पानी पहुंचाने, सकोला क्षेत्र में सोन नदी पर बने बांध का पानी सेकवा तक पहुंचाने तथा जिले की सभी सिंचाई परियोजनाओं को पुनर्जीवित कर खेतों तक सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही पुराने तालाबों एवं जलाशयों के गहरीकरण, नई सिंचाई परियोजनाओं के निर्माण तथा बांगो बांध का पानी जिले तक लाने की दिशा में प्रभावी पहल करने का आग्रह किया गया।

भारतीय किसान संघ ने बस्तीबगरा, जोगिसार, आमाडोभ, थाड़पथरा, कटरा और बेलझिरिया जैसे दूरस्थ गांवों के किसानों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष योजनाएं तैयार करने की मांग भी की। संघ ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान करने तथा किसानों को तकनीकी एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल ही में गठित आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों में कई गांवों को दूरी का ध्यान रखे बिना दूरस्थ समितियों से जोड़ दिया गया है, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। संघ ने इस व्यवस्था में संशोधन कर किसानों की सुविधा के अनुसार समितियों का पुनर्गठन करने की मांग की।

इसके अलावा भारत सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों में धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में हुई वृद्धि का लाभ छत्तीसगढ़ के किसानों को भी दिलाने की मांग की गई। साथ ही जिला मुख्यालय में कलेक्टर कार्यालय एवं जिला अस्पताल के समीप किसान भवन का निर्माण कराने का आग्रह किया गया, ताकि जिले के दूरदराज क्षेत्रों से इलाज के लिए आने वाले किसानों और उनके परिजनों को ठहरने की सुविधा मिल सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला मंत्री सीताराम कैवर्त, कोषाध्यक्ष गोविंद गुप्ता, प्रसार प्रमुख सावन राय, ध्यान सिंह, प्रीतम सिंह ओट्टी, दिल प्रसाद पैकरा, चैतमन प्रताप सिंह, विजय राय सहित भारतीय किसान संघ के अनेक पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!