72 घंटे में सुलझा ब्लाइंड डबल मर्डर: जमीन विवाद में दंपति की टांगी से हत्या, फिर शव जलाकर मिटाने की कोशिश
धरमजयगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, वैज्ञानिक जांच और डॉग स्क्वॉड ‘रूबी’ की मदद से दो सगे भाई गिरफ्तार
रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड डबल मर्डर का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में बुजुर्ग दंपति की टांगी से हत्या कर उनके शवों और घर में आग लगाकर साक्ष्य मिटाने की साजिश रचने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार हत्या की वजह वर्षों पुराना भूमि विवाद था।
घर के भीतर जले मिले थे दंपति के शव
15 जुलाई 2026 की सुबह ग्राम क्रोंधा निवासी मंगल राठिया (65 वर्ष) और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया (55 वर्ष) के घर से धुआं निकलता देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के भीतर दोनों के जले हुए शव बरामद किए। शुरुआती तौर पर मामला रहस्यमय प्रतीत हो रहा था और हत्या को आगजनी की घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी।
मृतक के यहां कार्यरत रामलाल चौहान ने पुलिस को बताया कि 14 जुलाई की शाम वह रोज की तरह काम खत्म कर घर चला गया था। उस समय घर में केवल दंपति मौजूद थे। अगले दिन सुबह जब वह पहुंचा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर एक कमरे से धुआं निकल रहा था। कमरे में दोनों के जले हुए शव पड़े थे।

एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने खोला हत्या का राज
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, थाना प्रभारी घरघोड़ा कुमार गौरव, एफएसएल टीम और पुलिस डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया गया।
हत्या में प्रयुक्त टांगी से गंध लेकर पुलिस डॉग ‘रूबी’ सीधे संदेही श्याम लाल राठिया तक पहुंची। वहीं जांच के दौरान पुलिस को मृतक और आरोपी परिवार के बीच लंबे समय से भूमि विवाद की जानकारी मिली। वैज्ञानिक साक्ष्यों, एफएसएल रिपोर्ट, ह्यूमन इंटेलिजेंस और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने श्याम लाल राठिया और उसके भाई जीवन लाल राठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
भूमि विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2013 में आरोपियों ने एक भूमि खरीदी थी। बाद में अधिक कीमत मिलने पर मूल विक्रेता ने वही जमीन मृतक मंगल राठिया को बेच दी। हालांकि आरोपियों को उनकी राशि वापस मिल गई थी, लेकिन मृतक द्वारा उस भूमि पर मकान बनाकर खेती शुरू करने से दोनों भाइयों के मन में लगातार रंजिश बनी रही।
इसी विवाद के चलते 14 जुलाई की रात दोनों भाई टांगी लेकर मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलते ही मंगल राठिया पर ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। शोर सुनकर बाहर आई पुनाई बाई की भी हत्या कर दी गई। इसके बाद दोनों शवों पर कपड़े, सोफा कवर और अन्य सामान डालकर आग लगा दी गई तथा घर के दो कमरों में भी आग लगाकर हत्या के साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।
हत्या में प्रयुक्त हथियार और कपड़े बरामद
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी तथा घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- श्याम लाल राठिया (32 वर्ष)
- जीवन लाल राठिया (48 वर्ष)
दोनों निवासी ग्राम कोंध्रा, थाना धरमजयगढ़।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
धरमजयगढ़ थाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238(बी) एवं 326(जी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की गई।
एसएसपी बोले— वैज्ञानिक जांच के सामने अपराधी नहीं बच सकते
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध कितना भी सुनियोजित क्यों न हो, वैज्ञानिक विवेचना और सशक्त पुलिसिंग के सामने अपराधी बच नहीं सकते। उन्होंने कहा कि आपसी रंजिश या भूमि विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए। हिंसक रास्ता चुनने से न केवल निर्दोष लोगों की जान जाती है, बल्कि आरोपियों और उनके परिवार का भविष्य भी बर्बाद हो जाता है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस ब्लाइंड डबल मर्डर का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एफएसएल टीम, पुलिस डॉग रूबी तथा धरमजयगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खास बात
यह मामला इस बात का उदाहरण है कि वैज्ञानिक साक्ष्य, फोरेंसिक जांच, डॉग स्क्वॉड और तकनीकी विवेचना के समन्वित उपयोग से पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर एक जघन्य ब्लाइंड डबल मर्डर का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

