जन्मदिवस पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया पौधारोपण, हजारों लोगों के साथ दिया हरियाली का संदेश
उप मुख्यमंत्री ने कहा 50 सीटों के साथ इसी सत्र से शुरू होगा मेडिकल कॉलेज
मेडिकल कॉलेज सिर्फ भवन नहीं, कवर्धा के भविष्य की धरोहर है– उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ वृक्षारोपण महाअभियान-2026

समाज के हर वर्ग ने वृक्षारोपण महाअभियान में निभाई भागीदारी
रायपुर । उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार को अपने जन्मदिवस के अवसर पर मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्कूल के विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, शहरवासियों और ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में पौधे लगाए। महाअभियान के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में फलदार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान में पौधारोपण करते हुए कहा कि कवर्धा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं, बल्कि जिले की आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा ऐतिहासिक कार्य होगा, जिसे लोग आने वाले सौ वर्षों तक शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाए रखेगा। आज उसी संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और आज परिसर की चारों दिशाओं में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। यह प्रदेश के सबसे तेज गति से बन रहे मेडिकल कॉलेजों में से एक है। उन्होंने अधिकारियों से निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए सतत प्रयास करने कहा। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज का संचालन 50 सीटों के साथ प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा तथा स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि कवर्धा के सभी चिकित्सक मेडिकल कॉलेज के सफल संचालन और विकास के लिए सहयोग देने को तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कार्य किया गया, उसी प्रकार समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित कर मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण भी वर्ष 2027 जुलाई तक पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि कार्य तय समय-सीमा और संकल्प के साथ किया जाए तो लक्ष्य अवश्य प्राप्त होता है। उप मुख्यमंत्री ने जिले को हराभरा बनाने के लिए कार्य कर रही हरीतिमा टीम की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने में टीम का योगदान उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि आज समाज के हर वर्ग की सहभागिता इस अभियान में देखने को मिली है। यह केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का अभियान है। उन्होंने अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि जिले में युवाओं की सकारात्मक भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने नेऊर गांव के युवाओं द्वारा ग्रामवासियों के सहयोग से चौक का सौंदर्यीकरण एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना जैसे कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही ऑटो संघ, बस एवं ट्रक मालिक संघ सहित विभिन्न संगठनों के योगदान को भी सराहा। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा में सियान सदन का निर्माण प्रारंभ हो चुका है, जो वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी सुविधा सिद्ध होगा। वृक्षारोपण महाअभियान में वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधारोपण किया। महाअभियान में व्यापारी संघ, अधिवक्ता संघ, बोल बम समिति, स्वामी विवेकानंद एकेडमी, प्राइवेट स्कूल संघ, प्रभात फेरी समूह, कार पेंटर संघ, राज मिस्त्री संघ, सेलून संघ, होटल व्यापारी संघ, रईस मिल संघ, नवजीवन रक्तदान समिति, लायंस क्लब, होटल व्यापारी संघ, गुड़ फैक्ट्री के संघ के प्रतिनिधि, यूथ क्लब, स्वच्छता दीदियां, सब्जी विक्रेता संघ, ठेकेदार संघ, समाज प्रमुख तथा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और स्वयंसेवी संगठनों के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भागीदारी निभाई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, डॉ. वीरेन्द्र साहू, नितेश अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, लोकचंद साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

