मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता, दो मंदिर चोरी का खुलासा

0
IMG-20260720-WA0706

महामाया मंदिरों से चोरी हुए 1.75 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, दो पहले से जेल में बंद

एसएसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में चली विशेष जांच, तकनीकी साक्ष्यों और बेसिक पुलिसिंग से सुलझा मामला

मुंगेली। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम कंतेली एवं कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिरों में हुई चोरी के दो मामलों का पुलिस ने खुलासा करते हुए चोरी गए करीब 1 लाख 75 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। मामले में एक पुरुष एवं एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी पहले से ही अन्य प्रकरण में जेल में निरुद्ध हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पतासाजी के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने न केवल कंतेली और कोदवाबानी मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया, बल्कि कबीरधाम जिले के सिल्हाटी स्थित महादेव मंदिर में भी चोरी की वारदात कबूल की है।

एसएसपी के विशेष अभियान से मिली सफलता

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों में अज्ञात आरोपियों की पहचान कर चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, एसडीओपी माधुरी धिरही एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई।

NTPC World Environment Day

लगातार तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और बेसिक पुलिसिंग के जरिए पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

कंतेली महामाया मंदिर से लाखों के आभूषण चोरी

पुलिस के अनुसार ग्राम कंतेली स्थित आदि श्री महामाया मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधि सुरेश यादव ने 29 जून 2026 को थाना लालपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 28-29 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में घुस गए और देवी प्रतिमा पर चढ़े चांदी के मुकुट, चांदी की माला, सोने का मंगलसूत्र, करधन, कटहर सहित अन्य बहुमूल्य आभूषण चोरी कर ले गए।

रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।

पूछताछ में खुला कई वारदातों का राज

19 जुलाई 2026 को पुलिस ने संदेही अश्वनी आहिरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि उसने अपने जीजा मंजीत पुरले तथा साथी पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी के साथ मिलकर रात में मंदिर का चैनल गेट तोड़कर देवी प्रतिमा पर चढ़े सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। चोरी के बाद तीनों आरोपियों ने आभूषणों को जमकोर ले जाकर पप्पू गोस्वामी की मां चंपाबाई गोस्वामी के पास छिपाकर रख दिया था।

एक वर्ष पुराने मंदिर चोरी का भी खुलासा

पूछताछ के दौरान अश्वनी आहिरे ने वर्ष 2025 में ग्राम कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिर में हुई चोरी का भी खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि उसी गिरोह ने वहां भी मंदिर का ताला तोड़कर देवी प्रतिमा पर चढ़े सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे।

इसके अलावा आरोपी ने कबीरधाम जिले के ग्राम सिल्हाटी स्थित महादेव मंदिर में कुछ दिन पहले हुई चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

मां के पास छिपाकर रखे थे चोरी के जेवर

पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि घटना में शामिल पप्पू गोस्वामी और मंजीत पुरले पहले से ही कवर्धा की पोड़ी जेल में निरुद्ध हैं। इसके बाद पुलिस ने पप्पू गोस्वामी की मां चंपाबाई गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी के जेवर अपने पास छिपाकर रखना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से मंदिरों से चोरी गए सोने एवं चांदी के आभूषण बरामद कर लिए।

1.75 लाख रुपये के आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न आकार के चांदी के मुकुट, सोने की पत्तियां, चांदी का करधन, ढार, सिक्कों वाली माला, गैस से गलाए गए चांदी के टुकड़े तथा अन्य धार्मिक आभूषण सहित कुल करीब 1 लाख 75 हजार रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की है। बरामदगी में कबीरधाम जिले के सिल्हाटी महादेव मंदिर से चोरी किया गया त्रिकुंड चांदी भी शामिल है।

दो आरोपी गिरफ्तार, दो पहले से जेल में बंद

पुलिस ने मामले में अश्वनी आहिरे (निवासी नगपुरा, जिला बेमेतरा) तथा श्रीमती चंपाबाई गोस्वामी (निवासी जमकोर, थाना मुंगेली) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया है।

वहीं मामले में शामिल मंजीत पुरले एवं पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी पहले से ही अन्य प्रकरण में पोड़ी जेल में निरुद्ध हैं। पुलिस अब उनके विरुद्ध भी इस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका

पूरे मामले के खुलासे में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी, थाना लालपुर प्रभारी सुन्दरलाल गोरले सहित साइबर सेल एवं थाना लालपुर की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच, मुखबिर सूचना और लगातार निगरानी के जरिए आरोपियों तक पहुंचकर मंदिर चोरी के दोनों मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया।

मुंगेली पुलिस ने कहा है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा धार्मिक स्थलों सहित सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!