बांसाझाल की क्षतिग्रस्त पुलिया से रतनपुर-पेंड्रा मार्ग बाधित, प्रशासन ने जारी किया ट्रैफिक एडवाइजरी
एनएच-45 पर आवागमन प्रभावित, छोटी गाड़ियों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय; पुलिस ने वाहन चालकों से निर्देशों का पालन करने की अपील
बिलासपुर। रतनपुर–बेलगहना–गौरेला-पेंड्रा–अमरकंटक मार्ग पर ग्राम बांसाझाल स्थित मुख्य मार्ग की पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण यातायात बाधित हो गया है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से इस महत्वपूर्ण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन ने आमजन एवं वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत और यातायात को जल्द से जल्द सुचारु रूप से बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार मार्ग को सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है। ऐसे में यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने का आग्रह किया गया है।

छोटी गाड़ियों और छोटी बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग
रतनपुर से बांसाझाल घटना स्थल से पहले दाहिनी ओर मुड़कर बारीडीह बस्ती होते हुए मुख्य मार्ग के जरिए गौरेला-पेंड्रा पहुंचा जा सकता है। यह मार्ग केवल छोटी गाड़ियों एवं छोटी बसों के लिए उपयुक्त बताया गया है।

अन्य वैकल्पिक मार्ग
- रतनपुर → शनिचरी चौक → जूना शहर → जोगीपुर चौक → अमाली → कंचनपुर → बेलगहना रोड।
- रतनपुर → कोटा → बेलगहना → पेंड्रा।
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने और मौके पर तैनात पुलिस बल के निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
