ब्लैकमेल कर 14.50 लाख रुपये और 450 ग्राम सोने के जेवर हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश

0
IMG-20260802-WA1137

सरकंडा पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, नकदी, जेवर, मोबाइल और अपराध की रकम से खरीदी गई एक्टिवा जब्त; दो आरोपी अब भी फरार

बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने ब्लैकमेलिंग, धमकी और भय दिखाकर 14.50 लाख रुपये तथा करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण हड़पने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन तथा अपराध की रकम से खरीदी गई एक एक्टिवा वाहन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार थाना सरकंडा में दर्ज अपराध क्रमांक 1122/2026 के तहत राजीव बिहार निवासी प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि शारीरिक अस्वस्थता के कारण उन्होंने अपने घरेलू कार्य, बैंक संबंधी लेन-देन तथा लॉकर की चाबी अपनी नातिन को सौंप रखी थी। इसी का फायदा उठाकर जनवरी 2025 से आयुष यादव और उसके साथियों ने प्रार्थी की पोती को परिवार के अन्य सदस्यों तथा छोटे बच्चों को जान से मारने और दुर्घटना कराने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

आरोपियों ने भय का माहौल बनाकर प्रार्थी एवं उनके परिजनों के एसबीआई और सहकारी बैंक खातों से एटीएम तथा फोनपे के माध्यम से किश्तों में कुल 14 लाख 50 हजार रुपये हासिल कर लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने आर.आर. रिसॉर्ट के पास बुलाकर घर के लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम वजनी सोने के आभूषण, जिनमें हार, चेन, अंगूठियां, झुमके और टीका सहित अन्य जेवर शामिल थे, भी अपने कब्जे में ले लिए।

NTPC World Environment Day

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सरकंडा) तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन तथा अपराध की रकम से खरीदी गई एक एक्टिवा बरामद कर जब्त कर ली। सभी आरोपियों को 2 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • आयुष यादव (22), निवासी विवेकानंद नगर, मोपका, थाना सरकंडा।
  • आदर्श शर्मा (19), निवासी दीनदयाल कॉलोनी, बहतराई।
  • प्रिंस साहू (18), निवासी दीनदयाल कॉलोनी, बहतराई।
  • आदित्य पांडे (19), निवासी आर.के. नगर, बजरंग चौक के पीछे, सरकंडा।

दो आरोपी अब भी फरार

पुलिस के अनुसार मामले में शामिल प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!