वन विभाग में 2024 बैच के प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारियों की पदस्थापना, पांच वनमंडलों में मिली जिम्मेदारी
अंबिकापुर, कटघोरा, सुकमा, उत्तर नारायणपुर और राजनांदगांव में उप वनमंडलाधिकारी के रूप में अस्थायी नियुक्ति, प्रशिक्षण अवधि तक संभालेंगे दायित्व
रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने वर्ष 2024 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के परिवीक्षाधीन अधिकारियों की क्षेत्रीय प्रशिक्षण के लिए विभिन्न वनमंडलों में पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से जारी आदेश के अनुसार प्रशिक्षु अधिकारियों को उप वनमंडलाधिकारी (एसडीओ) के पद पर संबंधित वनमंडलों में आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार कुनाल मिश्रा को उप वनमंडलाधिकारी, अंबिकापुर (वनमंडल सरगुजा), मृगजा जालिंदर यादव को उप वनमंडलाधिकारी, कटघोरा (वनमंडल कटघोरा), परख सारडा को उप वनमंडलाधिकारी, सुकमा (वनमंडल सुकमा), प्रीति यादव को उप वनमंडलाधिकारी, उत्तर नारायणपुर (वनमंडल नारायणपुर) तथा यशस्वी मौर्या को उप वनमंडलाधिकारी, राजनांदगांव (वनमंडल राजनांदगांव) के पद पर पदस्थ किया गया है।

सभी अधिकारी वर्तमान में प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर अटल नगर में प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा अधिकारी के रूप में पदस्थ हैं। अब उन्हें क्षेत्रीय प्रशिक्षण के उद्देश्य से संबंधित उप वनमंडलों में जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि वे वन संरक्षण, वन प्रबंधन, वन्यजीव संरक्षण तथा मैदानी प्रशासनिक कार्यों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकें।


वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के आदेश में कहा गया है कि इन प्रशिक्षु अधिकारियों के प्रशिक्षण पूर्ण होने तक संबंधित उप वनमंडलों में कार्यरत राज्य वन सेवा के उप वनमंडलाधिकारी विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) के रूप में कार्य करेंगे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा अधिकारी यथास्थिति उन्हीं उप वनमंडलों में उप वनमंडलाधिकारी के रूप में पदस्थ रहेंगे।
छत्तीसगढ़ शासन की ओर से जारी यह आदेश राज्यपाल के नाम से विशेष सचिव जे.पी. पाठक द्वारा जारी किया गया है। विभाग ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
