48 घंटे में खुला तीन मंदिरों में हुई 16.60 लाख की चोरी का राज, चार आरोपी पकड़ाए, चोरी का पूरा माल बरामद
100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने सुलझाया मामला, कर्ज में डूबे आरोपियों ने बनाई थी चोरी की योजना
जांजगीर-चांपा। जिले के तीन प्रमुख मंदिरों में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। साइबर टीम और थाना नवागढ़ एवं बम्हनीडीह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक सहित तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 16.60 लाख रुपये मूल्य का सोने-चांदी का सामान, दानपेटी की नकदी, घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर तथा मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार 1-2 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने जिले के तीन मंदिरों को निशाना बनाया था। पहली चोरी बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर से दो चांदी के छत्र की हुई। दूसरी घटना थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महत स्थित चंडी दाई मंदिर में हुई, जहां से नौ चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दानपेटी चोरी कर ली गई। तीसरी वारदात ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में हुई, जहां से चांदी का छत्र पार कर दिया गया। तीनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय स्वयं घटनास्थलों पर पहुंचे और साइबर थाना, नवागढ़ एवं बम्हनीडीह पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थलों और आसपास के मार्गों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया।

जांच के दौरान बम्हनीडीह से नवागढ़ मार्ग पर घटना के समय एक संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी, जिसमें चार युवक सवार थे। साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से उनकी पहचान कर दबिश दी गई। पूछताछ में पहले आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले तीनों मंदिरों की रेकी कर चोरी की योजना बनाई गई थी। पुलिस की निशानदेही पर आरोपी प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे लाखों रुपये के कर्ज में डूबे थे, जिसके चलते उन्होंने चोरी की योजना बनाई।
पुलिस ने इस मामले में प्रशांत पटेल (23), प्रभात पटेल (18), परमानंद पटेल (25) तथा एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम घुटिया के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों से चोरी गए चांदी के छत्र, मुकुट, सोने के आभूषण, दानपेटी की नकदी, इलेक्ट्रॉनिक कटर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पूरे मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता का श्रेय साइबर थाना, नवागढ़ और बम्हनीडीह पुलिस की संयुक्त टीम को देते हुए कहा कि तकनीकी जांच, सीसीटीवी विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई के कारण इतने कम समय में मामले का खुलासा संभव हो सका।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
