सीएम हेल्पलाइन बनी आमजन के भरोसे का माध्यम, समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान

0
IMG-20260805-WA0548

जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र संबंधी चारों शिकायतों का समयबद्ध निराकरण, हितग्राहियों ने राज्य सरकार के प्रति जताया आभार

बेमेतरा । राज्य सरकार द्वारा संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। शासन की मंशा के अनुरूप विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को राहत मिल रही है और शासन के प्रति उनका विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

इसी क्रम में जिला बेमेतरा में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित प्राप्त चार शिकायतों का त्वरित निराकरण कर आवेदकों को आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए। शिकायतों के समाधान के बाद सभी आवेदकों ने संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार एवं संबंधित अधिकारियों का आभार प्रकट किया।

NTPC World Environment Day

ग्राम पंचायत मेहना के निवासी श्री आयुष ने जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया, जिससे शिकायत का सफलतापूर्वक निराकरण हुआ।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत तेंदुवा, जनपद पंचायत साजा निवासी श्री भोलूराम पटेल ने अपनी पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र में अद्यतन कराने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए जन्म प्रमाण पत्र अद्यतन कर हितग्राही को उपलब्ध कराया गया।

वहीं नगर पालिका बेमेतरा निवासी श्री अजय यादव ने अपनी पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र में आवश्यक सुधार कराने के लिए सीएम हेल्पलाइन का सहारा लिया। संबंधित अधिकारियों ने समयबद्ध कार्रवाई करते हुए संशोधित जन्म प्रमाण पत्र जारी किया, जिससे आवेदक पूरी तरह संतुष्ट हुआ।

इसी तरह ग्राम गातापार, ग्राम पंचायत कोपेड़डीह निवासी श्री दीप सिंह ने मृतका श्रीमती चंद्रवती बाई साहू के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया और शिकायत का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया।

चारों मामलों में शिकायतकर्ताओं ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हुआ, जिससे उन्हें अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए शासन एवं प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की समस्या का पारदर्शी, संवेदनशील एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। सीएम हेल्पलाइन 1076 इसी दिशा में प्रभावी माध्यम बनकर लोगों को त्वरित राहत प्रदान कर रही है तथा सुशासन की अवधारणा को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!