कई वर्षों से फरार ₹5 हजार का इनामी चिटफंड आरोपी गिरफ्तार

0
Screenshot_20260806_220709

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

बी.एन. गोल्ड कंपनी में निवेश के नाम पर लोगों से ठगी का आरोप, प्रदेश के कई जिलों में दर्ज हैं प्रकरण

बिलासपुर। फरार चिटफंड आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई वर्षों से फरार चल रहे और ₹5 हजार के इनामी चिटफंड आरोपी चैतराम केवट को मल्हार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में चिटफंड और धोखाधड़ी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना तखतपुर के सुपुर्द कर दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के पर्यवेक्षण में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चौकी मल्हार पुलिस ने आरोपी चैतराम केवट पिता बसंत केवट (53 वर्ष), निवासी ग्राम मल्हार, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया।

NTPC World Environment Day

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बी.एन. गोल्ड कंपनी के माध्यम से अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों से निवेश कराता था। बाद में निवेशकों की जमा राशि वापस नहीं की गई, जिससे बड़ी संख्या में लोग आर्थिक रूप से प्रभावित हुए। आरोपी के विरुद्ध चिटफंड और धोखाधड़ी के आरोपों में कई प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना सरगांव (मुंगेली), थाना पटेवा (महासमुंद), थाना दरिमा (सरगुजा), थाना तखतपुर (बिलासपुर) सहित प्रदेश के अन्य थानों में भी छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम (चिटफंड अधिनियम) एवं धोखाधड़ी की धाराओं के तहत अपराध दर्ज हैं। वहीं थाना भानुप्रतापपुर (जिला कांकेर) में दर्ज प्रकरण में लंबे समय से फरार रहने के कारण उस पर ₹5 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि आरोपी मल्हार क्षेत्र में गुप्त रूप से आ-जा रहा है। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। गुरुवार को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम महमंद, थाना तोरवा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अवधेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दर्जीघाट एवं ग्राम महमंद क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।

पूछताछ के बाद आरोपी को संबंधित प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना तखतपुर भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से अन्य मामलों में भी पूछताछ कर रही है, ताकि निवेशकों से हुई धोखाधड़ी और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी मल्हार उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक किशन राय एवं आरक्षक श्यामलाल सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए फरार आरोपियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!