हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहीद परिवारों को भेंट किया राष्ट्रीय ध्वज
भाजयुमो मुंगेली ने शहीद नरेंद्र साहू और शहीद सुखराम साहू की शहादत को किया नमन
मुंगेली। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला मुंगेली द्वारा शहीदों के सम्मान और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला अध्यक्ष राकेश साहू के नेतृत्व में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने ग्राम प्रतापपुर और ग्राम रामगढ़ पहुंचकर शहीद परिवारों से मुलाकात की तथा उन्हें सम्मान स्वरूप राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया।
शहीद नरेंद्र साहू के परिजनों से की मुलाकात
भाजयुमो पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ग्राम प्रतापपुर पहुंचे, जहां उन्होंने दरभा थाना नेतानार, बस्तर में नक्सली हमले में शहीद हुए स्वर्गीय नरेंद्र साहू के परिवार से भेंट की। इस दौरान शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना गया और राष्ट्र की सेवा में नरेंद्र साहू के बलिदान को नमन किया गया।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शहीद परिवार के परिजन को सम्मान स्वरूप राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया। इस दौरान कहा गया कि देश की सुरक्षा और शांति के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों की शहादत को देश कभी भुला नहीं सकता। शहीदों का त्याग और उनका साहस आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

शहीद सुखराम साहू की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
इसके बाद भाजयुमो की टीम मुंगेली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ पहुंची। यहां शहीद स्वर्गीय सुखराम साहू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कार्यकर्ताओं ने उनकी शहादत को नमन करते हुए राष्ट्र की सुरक्षा के लिए उनके बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर शहीद परिवार से भी मुलाकात की गई। शहीद सुखराम साहू की माता एवं उनके भाई को सम्मान स्वरूप राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया गया। भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा कि तिरंगा शहीदों के बलिदान, देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। शहीद परिवारों के सम्मान के माध्यम से समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि राष्ट्र अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।
शहीदों की शहादत से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य देश के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्य की भावना को मजबूत करना भी है। शहीद परिवारों के सम्मान से युवाओं को देश के लिए त्याग और समर्पण की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा युवा मोर्चा जिला मुंगेली अध्यक्ष राकेश साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य उमाशंकर बघेल, जिला उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह टंडन, जिला कोषाध्यक्ष अरविंद सोनी, जिला मीडिया प्रभारी घनश्याम यादव, ग्राम रामगढ़ के सरपंच पहलाद यादव, शोभित बाजपाई, सत्यम साहू एवं पूर्व सरपंच नेतराम साहू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
