युवाओं ने उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

0
IMG-20260817-WA1561

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को किया याद

रिपोर्टर 🖋️ कमलेश सिंह

कवर्धा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत’ कवर्धा द्वारा युवाओं की सहभागिता से देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में युवाओं और स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिला युवा अधिकारी राज पटेल की उपस्थिति में प्रख्यात व्यक्तित्व उत्कर्ष तिवारी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित युवाओं एवं स्वयंसेवकों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को स्मरण किया गया। युवाओं को देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों से अवगत कराते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भी बोध कराती है।

NTPC World Environment Day

‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वतंत्रता दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। युवाओं ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति : राज पटेल

जिला युवा अधिकारी राज पटेल ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और देशहित में रचनात्मक कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास के लिए करें तो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को गति मिल सकती है।

स्वयंसेवकों ने निभाई सक्रिय भूमिका

स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में रमन सिंह ठाकुर, रुद्रचरण, दानेश्वर पटेल, धनाऊ, सुनील चंद्रवंशी, ओमप्रकाश साहू, आयुष कुमार, दुर्गेश साहू एवं गंगन सिंह राजपूत सहित अन्य युवा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रप्रेम, एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को लेकर युवाओं को प्रेरित किया गया। आयोजन ने युवाओं में देश के प्रति सम्मान और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की भावना को और मजबूत किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!