लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश
विभागीय कार्यों की समीक्षा की, अधिकारियों को सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहने के निर्देश
ठेकेदारों के कार्यों की कड़ाई से मॉनिटरिंग कर निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित कराने कहा
रायपुर । लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने विभागीय अभियंताओं से कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सड़कों और पुलों के नए प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखने के निर्देश दिए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर काम करने तथा प्राक्कलन तैयार करने से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिले के कलेक्टरों से बेहतर समन्वय रखने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़े मामलों तथा कार्यस्थलों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो सके और कार्यों की गति बनी रहे।

उन्होंने मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की कड़ी मॉनिटरिंग और निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठेकेदारों के कार्यों पर लगातार नजर रखने तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सड़कों और भवनों के निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए, ताकि मजबूत और टिकाऊ निर्माण सुनिश्चित हो सके।

निविदा हो चुके नए कार्य अक्टूबर तक शुरू करने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने ऐसे नए कार्य, जिनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य प्रारंभ होने के बाद उसकी गति और गुणवत्ता दोनों पर कड़ी नजर रखी जाए। किसी भी निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए लगातार निगरानी जरूरी है।
उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान आने वाली तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं का भी समय पर निराकरण सुनिश्चित करने को कहा, ताकि विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो।
सड़कों और पुलों के रखरखाव पर विशेष जोर
सचिव बंसल ने सड़कों और पुलों के रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़कें साफ-सुथरी, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों की आवाजाही बाधित न हो।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के बाद सड़कों की स्थिति का मैदानी स्तर पर निरीक्षण किया जाए और जहां भी मरम्मत की आवश्यकता हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाए। नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
भू-अर्जन से जुड़े नामांतरण के प्रकरण एक माह में निपटाएं
सचिव ने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-अर्जन से जुड़े नए और पुराने प्रकरणों में नामांतरण की कार्रवाई एक माह के भीतर पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने कहा कि भूमि से संबंधित प्रकरण लंबित रहने के कारण निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। संबंधित अधिकारी राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर ऐसे प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।
पूर्ण कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करें
बैठक में सचिव ने पूर्ण हो चुके कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने पूर्ण कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण पूरा होने के बाद संबंधित विभाग और संस्थाएं उसका उपयोग शुरू कर सकें।
उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद हैंडओवर की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के रखरखाव की भी समीक्षा
विभागीय सचिव ने बैठक में विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की भी जानकारी ली। उन्होंने विभाग के भवनों में बेहतर साफ-सफाई और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृहों, सर्किट हाउसों और अन्य परिसरों की साफ-सफाई व्यवस्थित होनी चाहिए। पूरे परिसर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखने के साथ भवनों की आवश्यक मरम्मत एवं संधारण कार्य भी समय पर कराया जाए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग की उप सचिव अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे और जी.एस. मंडावी तथा अधीक्षण अभियंता के.पी. संत सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
