प्रतिबंधित नशीली सिरप और कैप्सूल के साथ अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
ऑपरेशन आगाज के तहत सुकमा पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
720 कैप्सूल और 108 नग प्रतिबंधित सिरप जब्त, बाइक-मोबाइल भी बरामद
अब तक 24 अंतरराज्यीय तस्करों पर कार्रवाई, 3.31 करोड़ रुपए से अधिक के मादक पदार्थ जब्त
सुकमा । जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सुकमा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन आगाज के तहत पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली सिरप और कैप्सूल के साथ एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 720 नग नशीले कैप्सूल और 108 नग प्रतिबंधित सिरप बरामद किए गए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के अनुसार जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह एवं मनोज तिर्की के निर्देशन में थाना स्तर पर सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

उड़ीसा से सुकमा में नशे का सामान लेकर पहुंचा था आरोपी
इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक व्यक्ति भारी मात्रा में नशीली सिरप और गोलियां लेकर सुकमा शहर में बिक्री के लिए पहुंचने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
सिटी कोतवाली निरीक्षक रोशन सिंह के नेतृत्व में तत्काल टीम गठित की गई। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और स्थान के आधार पर पुलिस टीम ने कुम्हारपारा के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेंद्र बिस्वास गोविंद बिस्वास, उम्र 36 वर्ष, निवासी पदमगिरी बताया। आरोपी ने वर्तमान में मलकानगिरी, उड़ीसा में रहना बताया।
कार्टून में छिपाकर ले जा रहा था नशीली सिरप और कैप्सूल
पुलिस के अनुसार आरोपी कार्टून में नशीली सिरप और कैप्सूल लेकर परिवहन कर रहा था। सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से Pyeevon Spas Plus Capsule के 720 नग और OnyRex-plus Cough Syrup के 108 नग बरामद किए गए।
पुलिस ने नशीले पदार्थों के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 70 हजार रुपए आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में End to End विवेचना की जा रही है। पुलिस का फोकस नशीले पदार्थों की सप्लाई की पूरी श्रृंखला तक पहुंचने और इस नेटवर्क से जुड़े बड़े तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने पर है। पुलिस ने संकेत दिया है कि विवेचना आगे बढ़ने के साथ नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
24 अंतरराज्यीय तस्करों पर कार्रवाई
सुकमा पुलिस के अनुसार ऑपरेशन आगाज के तहत अब तक 24 अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इस दौरान करीब 3,31,77,650 रुपए के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य जिले में नशीले पदार्थों की आपूर्ति पर रोक लगाने के साथ-साथ तस्करी के पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
