सिलदहा में जलभराव से ग्रामीण परेशान, बच्चों के आवागमन पर भी संकट

0

50–60 साल पुराने जल निकासी मार्ग के अवरुद्ध होने का ग्रामीणों का आरोप, पंचायत और…

Screenshot_20260912_132522

50–60 साल पुराने जल निकासी मार्ग के अवरुद्ध होने का ग्रामीणों का आरोप, पंचायत और एसडीएम कार्यालय में आवेदन के बाद भी नहीं निकला समाधान

सिलदहा/पथरिया । ग्राम पंचायत सिलदहा, विकासखंड पथरिया, जिला मुंगेली में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। जलभराव के चलते ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं स्कूली बच्चों और छोटे बच्चों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित स्थान पर करीब 50–60 वर्षों से पानी की निकासी का पारंपरिक रास्ता रहा है। इसी रास्ते से बारिश एवं आसपास का पानी निकलता था। ग्रामीणों के अनुसार करीब 5–6 महीने पहले इस जल निकासी मार्ग को एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से अवरुद्ध कर दिया गया, जिसके बाद पानी की निकासी प्रभावित होने लगी और क्षेत्र में जलभराव की स्थिति लगातार गंभीर होती गई।

NTPC World Environment Day

पंचायत स्तर पर प्रयास भी नहीं हुआ सफल

ग्रामीणों के अनुसार समस्या के समाधान के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर नाली निर्माण एवं पानी निकासी की व्यवस्था करने का प्रयास किया गया, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने समस्या को लेकर एसडीएम कार्यालय में भी आवेदन प्रस्तुत किया, लेकिन अब तक जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी

जलभराव के कारण आम लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों से आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों और छोटे बच्चों को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से रास्ते के खराब होने के साथ ही गंदगी और मच्छरों की समस्या भी बढ़ सकती है।

ग्रामीणों ने की तत्काल जल निकासी की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कराकर पुराने जल निकासी मार्ग की वास्तविक स्थिति की जांच की जाए। यदि जांच में उक्त मार्ग सार्वजनिक, शासकीय अथवा प्राकृतिक जल निकासी मार्ग पाया जाता है तो नियमानुसार अवरोध हटाकर पानी की निकासी बहाल की जाए। साथ ही भविष्य में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए स्थायी नाली एवं जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे गांव के आवागमन, स्कूली बच्चों की सुरक्षा और जनहित से जुड़ी हुई है, इसलिए प्रशासन को मामले में जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।

देखिए शिकायत कॉपी 👇

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!