डिंडौरी के पत्रकार खेमेश्वर पुरी गोस्वामी को मिला छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड

0
IMG-20261028-WA0884

दबंग स्वर के छठवें स्थापना दिवस पर रायपुर में सम्मानित हुईं प्रदेश की 100 विभूतियां, पत्रकारिता और सामाजिक योगदान के लिए मिला अलंकरण

अंतरराष्ट्रीय कृषि वैज्ञानिक डॉ. राजाराम त्रिपाठी रहे मुख्य अतिथि, वरिष्ठ पत्रकारों और साहित्यकारों की मौजूदगी में हुआ प्रतिभाओं का सम्मान

मुंगेली/रायपुर। पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट सामाजिक एवं रचनात्मक योगदान के लिए मुंगेली जिले के ग्राम डिंडौरी निवासी पत्रकार खेमेश्वर पुरी गोस्वामी को प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित वृन्दावन सभागृह में आयोजित गरिमामय समारोह में उन्हें छत्तीसगढ़ महतारी का आकर्षक स्मृति चिह्न, प्रशस्ति पत्र और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन प्रदेश के दैनिक समाचार पत्र ‘दबंग स्वर’ के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर वक्ता मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली करीब 100 विभूतियों को सम्मानित किया गया।

NTPC World Environment Day

ग्राम डिंडौरी के खेमेश्वर पुरी गोस्वामी को मिले इस सम्मान से मुंगेली जिले में हर्ष का माहौल है। पत्रकारिता के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को सामने लाने और जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता देने के उनके योगदान के लिए उन्हें यह अलंकरण प्रदान किया गया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने सम्मानित प्रतिभाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज के विकास में सकारात्मक सोच, रचनात्मक कार्य और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

सम्मान व्यक्ति को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है : डॉ. राजाराम त्रिपाठी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कृषि वैज्ञानिक एवं दंतेश्वरी हर्बल समूह के संस्थापक डॉ. राजाराम त्रिपाठी रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि सम्मान व्यक्ति को अपने क्षेत्र में और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने की ऊर्जा देता है। समाज के लिए निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करना सामाजिक दायित्व है। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को पहचान देने के साथ-साथ दूसरों को भी सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।

समारोह की अध्यक्षता प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अनिल पुसदकर ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भू-जल वैज्ञानिक डॉ. विपिन दुबे, केंद्रीय हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’, ‘युवा’ संस्था के संस्थापक एम. राजीव तथा ‘स्वदेश’ के उप-संपादक राजकुमार धर द्विवेदी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ

समारोह का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और सम्मान समारोह की शुरुआत हुई। मंच से प्रदेश की विभिन्न प्रतिभाओं के सामाजिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक और अन्य क्षेत्रों में किए गए योगदान को रेखांकित किया गया।

‘दबंग स्वर’ के प्रधान संपादक डॉ. पंडित पी. के. तिवारी ने स्वागत उद्बोधन में समाचार पत्र की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और निर्भीक पत्रकारिता के संकल्प के साथ शुरू हुआ समाचार पत्र का सफर लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समाचार पत्र के रायपुर, दुर्ग, जगदलपुर और कोरिया संस्करणों तक हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकारों को सामने लाने की प्रतिबद्धता पर जोर दिया।

वक्ता मंच के सहयोग से हुआ आयोजन

कार्यक्रम का संचालन वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने किया, जबकि संयोजक शुभम साहू ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजन को सफल बनाने में मनीष अवस्थी, विवेक बेहरा, देव मानिकपुरी, पूर्णेश डड़सेना, ज्योति शुक्ला, दुष्यंत साहू, हेमलाल पटेल सहित वक्ता मंच की पूरी टीम का उल्लेखनीय योगदान रहा।

मुंगेली जिले के लिए गौरव का क्षण

ग्राम डिंडौरी निवासी पत्रकार खेमेश्वर पुरी गोस्वामी को प्रदेश स्तर पर सम्मानित किया जाना मुंगेली जिले के लिए गौरव का विषय है। ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवार्ड’ के माध्यम से उनके पत्रकारिता संबंधी योगदान को मंच प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से उनके परिचितों, शुभचिंतकों और समर्थकों में प्रसन्नता है। समारोह ने पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे लोगों को सम्मानित कर समाज में सकारात्मक योगदान, रचनात्मकता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!