‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाया रायगढ़, सिंदूर पार्क में 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा—25 वर्षों की जनसेवा के प्रति जन-आभार और सेवा संकल्प का प्रतीक है ‘आशीर्वाद का दीया’
सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह तक चलेंगी सेवा और जनकल्याण की गतिविधियां, जिले में जनभागीदारी से पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायगढ़ जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ ‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के साथ हुआ। रायगढ़ के सिंदूर पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में 40 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से सजा ‘नमो सिंदूर पार्क रायगढ़’ सेवा, सहयोग, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का संदेश देता नजर आया।

प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति जनता के आभार, शुभकामनाओं और सेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आगामी एक माह तक जनकल्याण और समाजहित से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

देश में आए व्यापक बदलाव का किया उल्लेख
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि बीते वर्षों में देश ने आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक, कूटनीतिक और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आए बदलाव का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि एक समय बस्तर में सड़क और आवागमन भी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन निरंतर प्रयासों से परिस्थितियों में व्यापक परिवर्तन आया है। जिन कार्यों को कुछ वर्ष पहले असंभव माना जाता था, वे आज साकार हो रहे हैं।

ऑपरेशन सिंदूर की स्मृति से जुड़ा है पार्क
वित्त मंत्री ने कहा कि सिंदूर पार्क ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की स्मृति से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। इसी स्थल पर हजारों नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित किए।
उन्होंने आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल नागरिकों, कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों तथा प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
जिले में पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित
‘आशीर्वाद का दीया’ उत्सव के माध्यम से जिले में जनभागीदारी से पांच लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों सहित आम नागरिकों ने अपने घरों में भी दीप जलाकर सेवा, सुशासन और विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
सिंदूर पार्क में दीपों से तैयार विशेष फॉर्मेशन आकर्षण का केंद्र रहा। फॉर्मेशन को आकर्षक स्वरूप देने में सहयोग करने वाले कलाकार मनोज श्रीवास्तव एवं सुजीत मोदी को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
स्वच्छता दीदियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का जताया आभार
वित्त मंत्री चौधरी ने दीप प्रज्वलन में सहयोग करने वाली स्वच्छता दीदियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रति भी आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न वर्गों की भागीदारी रही।
दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के दौरान सिंदूर पार्क में बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। रोशनी से जगमगाते पार्क ने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
एक माह तक चलेंगी जनकल्याणकारी गतिविधियां
कार्यक्रम के समापन अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले नगरवासियों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, आयोजन से जुड़े सहयोगियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और सभी के सहयोग से सिंदूर पार्क में यह भव्य आयोजन संभव हो सका।
महापौर ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आगामी एक माह तक जिला, विकासखंड, ग्राम एवं वार्ड स्तर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को योजनाओं से जोड़ने और जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, जिला पंचायत सदस्य सुषमा खलखो, सभापति डिग्री लाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
सिंदूर पार्क में 40 हजार से अधिक दीपों के प्रज्वलन और जिलेभर में पांच लाख से अधिक दीप जलाए जाने से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप लिया। सेवा संकल्प अभियान के आगामी एक माह के कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही गई।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
