‘आशीर्वाद का दीया’ से जगमगाया सरगुजा, सेवा और समर्पण का लिया संकल्प

0
Screenshot_20260918_092139

शासकीय कार्यालयों, धार्मिक स्थलों, मंदिरों, चौक-चौराहों और अमृत सरोवरों में प्रज्वलित हुए दीप, घर-घर रोशन हुआ सेवा का संदेश

अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया दीप प्रज्वलन, कहा- सेवा का अर्थ अंतिम व्यक्ति तक संवेदना, अवसर और विकास पहुंचाना

रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के अंतर्गत सरगुजा जिले में व्यापक स्तर पर सामूहिक दीप प्रज्वलन किया गया। घरों के साथ-साथ अमृत सरोवरों, शासकीय कार्यालयों, धार्मिक स्थलों, मंदिरों और चौक-चौराहों सहित विभिन्न स्थानों पर दीप जलाए गए। इस दौरान सेवा, समर्पण, आभार, सकारात्मकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय आयोजन

अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर अभियान में सहभागिता की।

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में प्रकाश, आशा, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रतीक है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सरगुजा की जनता की ओर से जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

NTPC World Environment Day

उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से प्रारंभ होकर 17 अक्टूबर तक एक माह चलेगा। मंत्री ने कहा कि यदि कोई पात्र व्यक्ति शासकीय योजना के लाभ से वंचित है तो शासन और प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि सेवा का अर्थ समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवेदना, अवसर और विकास पहुंचाना है। शासन की प्रत्येक योजना पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, शिक्षा का प्रकाश हर घर तक पहुंचे और प्रतिभाओं को उचित मंच मिले, यही संकल्प अभियान की भावना है।

सरगुजा की विकास यात्रा का किया उल्लेख

मंत्री अग्रवाल ने कहा कि इन 25 वर्षों में सरगुजा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, जनजाति विकास, ग्रामीण विकास, सड़क एवं अधोसंरचना, रोजगार एवं कौशल विकास, स्वच्छता, जल संरक्षण और सामाजिक जागरूकता सहित अनेक क्षेत्रों में परिवर्तन की यात्रा तय की है।

उन्होंने कहा कि विकास की असली पहचान जनता की मुस्कान, बच्चों की शिक्षा, किसान की प्रगति, महिलाओं के आत्मविश्वास और युवाओं के रोजगार से होती है।

मंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाएं। ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएं, सेवा के संकल्प को दोहराएं और सरगुजा की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सहभागिता करें।

लाखों दीपों ने दिया जनभागीदारी का संदेश

लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने सभी को सेवा संकल्प अभियान की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्थानों पर एक साथ प्रज्वलित हुए दीप जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प की भावना के प्रतीक हैं।

सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि लाखों दीयों से पूरा सरगुजा जगमगाने लगा है। यह केवल एक दीप नहीं, बल्कि एक लंबी यात्रा और लंबे संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दीपों की लाखों लौ से आज पूरा हिंदुस्तान एक नया इतिहास रचने जा रहा है। देश दुनिया में अपनी अलग पहचान कायम कर रहा है और देश का स्थान पूरी दुनिया में और अधिक शक्तिशाली बने, यही कामना है।

एक माह तक जिलेभर में होंगे कार्यक्रम

कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक महीने तक पूरे जिले में सेवा संकल्प अभियान का संचालन किया जाएगा। अभियान के तहत सभी विभागों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ सभी परिवारों और देश के नागरिकों की तरफ से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम है। अभियान का उद्देश्य केवल आभार प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि शासकीय योजनाओं का जमीन पर बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करना भी है।

कलेक्टर ने कहा कि सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत पहुंच को लेकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ स्वास्थ्य और शिक्षा में सुधार को भी अभियान के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल किया गया है।

मंदिरों और धार्मिक स्थलों में भी जले दीप

जिले के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया गया। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने दीप जलाकर समाज में शांति, सद्भाव, सेवा और सकारात्मकता की कामना की।

धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन के दौरान लोगों ने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का संकल्प लिया। दीपों से सजे मंदिर एवं धार्मिक स्थल इस पहल के आध्यात्मिक और सामाजिक संदेश के केंद्र बने।

इस दौरान उदयपुर के महेशपुर मंदिर, लुण्ड्रा के लमगांव हनुमान मंदिर, बतौली के कुनकुरी शिव मंदिर, सीतापुर के मगरैलगढ़ मंदिर, मैनपाट के कमलेश्वरपुर बौद्ध मंदिर सहित जिलेभर के विभिन्न मंदिरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया गया।

अमृत सरोवरों के किनारे दिखा मनोहारी नजारा

अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विकसित अमृत सरोवरों के आसपास भी दीप प्रज्वलित किए गए। जलाशयों के किनारे एक साथ जलाए गए दीपों से मनोहारी दृश्य बना।

ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक जिम्मेदारी का संकल्प लिया। अमृत सरोवरों में दीप प्रज्वलन के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण के साथ समाज में सेवा और संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी से आयोजित इस पहल ने सामूहिक प्रयासों की भावना को मजबूत किया।

2350 स्कूल-कॉलेज भी हुए रोशन

अभियान के तहत विभिन्न शासकीय कार्यालयों, परिसरों और संस्थानों में भी दीप प्रज्वलित किए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दीप जलाकर सेवा एवं जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

शासकीय कार्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से प्रशासन और समाज के बीच सहभागिता को मजबूत करने तथा नागरिक सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।

इसी प्रकार जिलेभर के 2350 स्कूलों एवं विभिन्न कॉलेजों में भी दीप जलाए गए। शिक्षण संस्थानों में दीप प्रज्वलन के माध्यम से नई पीढ़ी को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच से जोड़ने का संदेश दिया गया।

चौक-चौराहों पर भी रोशनी

नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत दीप प्रज्वलित किए गए। स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने इसमें सहभागिता की।

प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जलाए गए दीपों से पूरे वातावरण में उत्सव और सकारात्मकता का माहौल दिखाई दिया। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रूप से दीप जलाकर अभियान के प्रति अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

घर-घर जला ‘आशीर्वाद का दीया’

अभियान के तहत लोगों ने अपने घरों में भी दीप प्रज्वलित किए। परिवारों ने दीप जलाने के साथ जरूरतमंदों की सहायता, बुजुर्गों के सम्मान और बच्चों के प्रति संवेदनशीलता को सेवा संकल्प का हिस्सा बनाया।

इसके साथ ही पौधरोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे सामाजिक सरोकारों को भी अपने संकल्प में शामिल करने का संदेश दिया गया।

राष्ट्र निर्माण और सामाजिक दायित्व का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक दायित्व का संकल्प दिलाया। विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने, अपनी व्यक्तिगत योग्यता को ईमानदारी से बढ़ाने तथा देश की प्रगति, मान-सम्मान और संस्कृति को ध्यान में रखकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, नगर पालिक निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर निगम सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जनप्रतिनिधियों में भारत सिंह सिसोदिया, मेजर अनिल सिंह सहित पार्षदगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिला प्रशासन की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल सहित अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में नागरिक और विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!