विभिन्न ब्लैक स्पॉट में आवश्यक सुधार हेतु सचिव परिवहन की अध्यक्षता में हुई बैठक

0
IMG-20260923-WA1292

समय-सीमा में सुधारात्मक कार्य पूर्ण करने के दिए गए निर्देश

रायपुर । माननीय उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में रायपुर जिले के विभिन्न चिन्हित ब्लैक स्पॉटों में किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा के लिए परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में रायपुर जिले के प्रमुख ब्लैक स्पॉट क्रमशः टाटीबंध, भाठागांव, बेमता-भुइंया, सिलतरा ओवरब्रिज-निको गेट एवं पारागांव-निसदा मोड़ सहित अन्य ब्लैक स्पॉटों में किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों तथा विभिन्न विभागों द्वारा संपादित कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए चिन्हित स्थानों पर आवश्यक सुधार कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया।

उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश

बैठक में सचिव एस. प्रकाश द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा पारित आदेश के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय-सीमा में आवश्यक सुधारात्मक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

NTPC World Environment Day

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चिन्हित ब्लैक स्पॉटों की वर्तमान स्थिति का परीक्षण कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य सुनिश्चित किए जाएं। सड़क सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए सुधार कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अतिक्रमण और अवैध ढाबों पर कार्रवाई

बैठक में अधिकारियों को सड़कों पर किए गए अनाधिकृत अतिक्रमण एवं अवैध ढाबों को हटाने की कार्रवाई करने कहा गया। सड़क के किनारे अनधिकृत गतिविधियों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही शराब दुकानों के आसपास सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया। आवश्यकता के अनुसार संबंधित स्थानों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था एवं संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि वाहन चालकों और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन में सुविधा मिल सके।

डिवाइडर कटिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने पर प्रभावी कार्रवाई

बैठक में डिवाइडर कटिंग की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ओवर-स्पीडिंग एवं गलत दिशा में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि ब्लैक स्पॉट वाले क्षेत्रों में दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।

अवैध पार्किंग और गति नियंत्रण के उपाय

बैठक में अवैध पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुसार गति नियंत्रण संबंधी उपाय लागू करने कहा गया। चिन्हित ब्लैक स्पॉटों पर यातायात की स्थिति और सड़क की आवश्यकता के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के लिए जन-जागरूकता अभियान संचालित करने पर भी जोर दिया गया। सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देने की दिशा में अभियान चलाने कहा गया।

सड़क चौड़ीकरण सहित अन्य सुधारात्मक कार्यों पर जोर

बैठक में आवश्यकता के अनुसार सड़क चौड़ीकरण एवं अन्य आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को भी पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को ब्लैक स्पॉटों की वर्तमान स्थिति के आधार पर आवश्यक तकनीकी एवं संरचनात्मक सुधार सुनिश्चित करने कहा गया, ताकि इन स्थानों पर यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।

सचिव परिवहन द्वारा सभी संबंधित विभागों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि उपरोक्त कार्यों की पूर्व एवं वर्तमान स्थिति का अनुपालन प्रतिवेदन आवश्यक फोटोग्राफ सहित निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

बैठक में संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए।

संबंधित विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में संयुक्त परिवहन आयुक्त एवं अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा) वाई. अक्षय कुमार, उप परिवहन आयुक्त मनोज कुमार ध्रुव सहित लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, आबकारी, परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारियों तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!