बीड अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू
भक्त माता कर्मा के स्मारक डाक टिकट को बताया साहू समाज की निष्ठा, त्याग और समर्पण का राष्ट्रीय सम्मान; स्व. केशरबाई क्षीरसागर ‘केशर काकू’ को दी श्रद्धांजलि
बिलासपुर । महाराष्ट्र के बीड में आयोजित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक एवं सामान्य सभा में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रीय अधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे महासभा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, वरिष्ठ समाजजनों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। अधिवेशन स्थल पर पहुंचने पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू का समाज के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों तथा समाजजनों ने स्वागत-अभिनंदन किया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति एवं सामान्य सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने साहू समाज की आराध्य संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा के नाम पर जारी स्मारक डाक टिकट का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा केवल साहू समाज की ही नहीं, बल्कि भक्ति, शक्ति और त्याग की प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि माता कर्मा के नाम पर स्मारक डाक टिकट जारी होना साहू समाज की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग की पूर्ति है।

उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा के नाम पर डाक टिकट जारी होना महज एक औपचारिक निर्णय नहीं, बल्कि समाज की निष्ठा, देशभक्ति, श्रम और समर्पण का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक कार्य में माध्यम बनने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव और संतोष का विषय है।

शिक्षा और कौशल पर दिया जोर
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने अपने संबोधन में समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा और कौशल से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि तैलिक समाज अपनी मेहनत, ईमानदारी और निष्ठा के बल पर देश के विकास में लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आया है। वर्तमान समय में आवश्यकता है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे।
उन्होंने कहा कि समाज की प्राथमिकताओं में युवाओं को उच्च शिक्षा, तकनीकी कौशल और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना शामिल होना चाहिए। शिक्षित और सक्षम युवा ही समाज को आगे बढ़ाने के साथ राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय अधिवेशन को समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के बीच संवाद, समरसता और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
‘केशर काकू’ को पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू काकू स्मृति स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने महाराष्ट्र की पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय केशरबाई क्षीरसागर ‘केशर काकू’ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उन्होंने केशर काकू के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को संगठित करने और देशभर की विभिन्न इकाइयों को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिलाओं को सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में नेतृत्व प्रदान करने के उनके प्रयासों को भी उन्होंने स्मरण किया। उन्होंने कहा कि केशर काकू का योगदान वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा।
सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प
अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की सामान्य सभा में देशभर से पहुंचे पदाधिकारियों और प्रबुद्ध समाजजनों के साथ विभिन्न सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। अधिवेशन में समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और युवाओं को आर्थिक एवं सामाजिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
अधिवेशन के दौरान सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर ठोस रणनीति के साथ कार्य करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में समाज के विकास, शिक्षा, युवा नेतृत्व, महिला भागीदारी और सामाजिक समरसता को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
